Site icon Dainik Savera Times

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती कार में लगी आग, बाल कथा वाचक अभिनव अरोड़ा ने परिवार सहित कूदकर बचाई जान

mathura kathavachak car fire

mathura kathavachak car fire

नेशनल डेस्क: मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बाल कथा वाचक अभिनव अरोड़ा की कार में आग लग गई, लेकिन अभिनव ने परिवार के साथ समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कार और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के विकासपुरी निवासी कथा वाचक अभिनव अरोड़ा परिवार के साथ कार से आगरा गए थे। देर रात वे यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब दो बजे, जब उनकी कार सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन-84 के पास नगला बरी के समीप पहुंची, तभी अचानक कार से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

कार में आग लगते ही कथा वाचक अभिनव अरोड़ा और उनके परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने बिना देर किए कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग इतनी तेज हो गई कि पूरी कार उसकी चपेट में आ गई।

घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षा कर्मी और सुरीर पुलिस मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दमकल विभाग की टीम भी वहां पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार में रखे कपड़े और अन्य सामान भी आग में नष्ट हो गए।

पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई, जो राहत की बात है। आग बुझाने के बाद क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटवाया गया, जिससे यातायात फिर से सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version