Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

मिल्कीपुर नतीजों से खुल गई सपा की कलई, लोगों ने डबल इंजन सरकार को दिया वोट : जगदंबिका पाल

February 11, 2025

मिल्कीपुर नतीजों से खुल गई सपा की कलई, लोगों ने डबल इंजन सरकार को दिया वोट : जगदंबिका पाल

Milkipur Results Exposed SP : मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की हार पर जगदंबिका पाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर के नतीजों ने सपा की कलई खोल दी। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, ‘मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने समाजवादी पार्टी को जवाब दे दिया है। आरक्षण और संविधान को खत्म करने के झूठे आरोप पर लोकसभा चुनाव में उनको कुछ सीटें मिल गई थीं, लेकिन अब उनकी कलई खुल गई है। जनता ने डबल इंजन सरकार को वोट दिया और भाजपा की जीत हुई है।‘

उन्होंने आगे कहा कि ‘यूपी में जिस तरह से पांच-पांच एयरपोर्ट चल रहे हैं, 8-8 एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। हर जिले में मेडिकल कॉलेज बन रहा है। यूपी में जिस तरह का विकास हो रहा है, उसका नतीजा रहा कि सपा को बड़े मार्जिन से मिल्कीपुर में हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा में वो जितने वोट से नहीं जीते थे, उससे ज्यादा वोटों से उनको विधानसभा में हार का सामना करना पड़ा है। इससे ये बात साफ हो गई कि काठ की हांडी एक बार ही चढ़ती है। उनको एक बार संविधान और आरक्षण के नाम पर जनता को गुमराह करने में सफलता मिल गई, अब इसकी कलई खुल चुकी है। इस परिणाम से उनमें बौखलाहट है, जिसके कारण वो उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला कर रहे हैं। लोगों ने स्पष्ट रूप से फिर से समाजवादी पार्टी को नकार दिया है।‘

महाकुंभ पर सवाल उठाए जाने को लेकर जगदंबिका ने कहा, ‘अखिलेश यादव भी कुंभ में स्नान करने गए थे। आज के समय में पूरे देश और दुनिया से एक जगह पर करोड़ों लोग आ रहे हैं। सेलिब्रिटी से लेकर आम लोग वहां पर जा रहे हैं, सभी को आनंद की अनुभूति हो रही है। ये वहां की कुशल व्यवस्था का ही परिणाम है।‘

अरविंद केजरीवाल के पंजाब कैबिनेट के साथ बैठक को लेकर जगदंबिका पाल ने कहा, ‘केजरीवाल को डर है। दिल्ली में जो परिणाम आया है, उससे स्पष्ट है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी से लोग ऊब चुके हैं। वहां पर कानून व्यवस्था का कोई राज नहीं है। वहां पर अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ा है। दिल्ली नतीजों से स्पष्ट हो गया है कि पंजाब चुनाव में भी आम आदमी पार्टी के साथ बुरा होगा।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें