Site icon Dainik Savera Times

औरैया में 2 महीने की गर्भवती पाई गई नाबालिग लड़की, दादा, पिता और चाचा गिरफ्तार

Uttar Pradesh

Uttar Pradesh

औरैया : Uttar Pradesh के औरैया जिले के बिधूना थाना कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के गर्भवती पाए जाने के बाद पुलिस ने उसके दादा, पिता और चाचा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। औरैया के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक मिश्र ने कहा कि लड़की ने शुक्रवार को एक महिला रिश्तेदार के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू की गई। मिश्र ने कहा, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके दादा, पिता और चाचा पिछले कई महीनों से उसका यौन शोषण कर रहे थे।

लड़की को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया और प्रथम दृष्टया यह पता चला है कि वह दो महीने की गर्भवती है। उन्होंने कहा, लड़की के आरोपी दादा, पिता और चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एएसपी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (एफ) (किसी रिश्तेदार या अभिभावक द्वारा बलात्कार), 65 (1) (16 साल से कम उम्र की लड़की से बलात्कार), 232 (किसी व्यक्ति को झूठे साक्ष्य देने की धमकी देना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मिश्र ने बताया कि यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत भी आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की उम्र करीब 13 वर्ष बतायी है।

Exit mobile version