Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

नाबालिग ने व्यक्ति की चाकू मारकर की हत्या, फिर खून से सना चाकू लेकर पहुंचा थाने

October 27, 2023

नाबालिग ने व्यक्ति की चाकू मारकर की हत्या, फिर खून से सना चाकू लेकर पहुंचा थाने

नई दिल्ली : मध्य दिल्ली में आपसी दुश्मनी के कारण एक नाबालिग ने 29 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी और खून से सना चाकू लेकर थाने पहुंच गया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान राष्ट्रीय राजधानी के मुल्तानी ढांडा इलाके के निवासी अमित के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2.10 बजे नबी करीम थाने के गश्ती स्टाफ को मुल्तानी ढांडा की गली नंबर 10 में चाकू से वार के निशान वाला एक शव मिला।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘इस बीच, एक व्यक्ति चाकू लेकर नबी करीम थाने पहुंचा और दावा किया कि उसने मुल्तानी ढांडा में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी है।‘ फोरेंसिक और क्राइम टीमों को निरीक्षण के लिए मौके पर बुलाया गया। अधिकारी ने कहा, ‘अब तक की गई जांच से यह सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों एक ही इलाके के निवासी हैं और उनका आपराधिक इतिहास है।‘

‘‘अमित उत्तर प्रदेश के देवरिया का रहने वाला है और कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। नाबालिग आरोपी भी कई मामलों में शामिल रहा है और उसे हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब एक सप्ताह पहले निरीक्षण गृह से रिहा किया गया था।’ उनमें आपसी दुश्मनी थी और करीब दो दिन पहले अमित ने नाबालिग को अपमानित कर उससे पैसे छीन लिए थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘नाबालिग बदला लेने के लिए अमित की तलाश में था। रात में उसने उसे पाया और अपने साथी आकाश उर्फ ??काकू के साथ चाकू से हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद नाबालिग थाने पहुंच गया, जबकि उसका साथी भाग गया। नाबालिग को खून से सने कपड़ों और अपराध के हथियार के साथ पकड़ लिया गया है।’ अधिकारी ने बताया कि वारदात में नाबालिग का साथ देने वाला आकाश फरार है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें