Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana News : मिशन बुनियाद का लक्ष्य प्रतिभावानों को मुख्यधारा में लाना : शंभू

April 2, 2026

Haryana News : मिशन बुनियाद का लक्ष्य प्रतिभावानों को मुख्यधारा में लाना : शंभू

कुरुक्षेत्र। मिशन बुनियाद लक्ष्य केवल एक शैक्षणिक योजना नहीं, बल्कि दूरदर्शी प्रयास है। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रतिभावान विद्यार्थियों को मुख्यधारा में लाना है।
ये बात जिला परिषद सीईओ शंभू राठी ने कही।

मिलना चाहिए मार्गदर्शन और सहयोग

उन्होंने कहा कि अकसर आर्थिक संसाधनों के अभाव में ग्रामीण और सरकारी विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थी बड़े सपने देखने से पीछे रह जाते हैं, लेकिन मिशन बुनियाद ऐसे सभी विद्यार्थियों के लिए एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। जिला परिषद के सीईओ ने कहा कि कक्षा 9वीं से ही यदि सही दिशा, मार्गदर्शन और संसाधन मिल जाएं, तो कोई भी विद्यार्थी आईआईटी, एनईईटी, एनआईटी जैसी कठिन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करें और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे अवसरों के द्वार

जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से प्रारंभ किया मिशन बुनियाद शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है, जो सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है, जिससे कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

22 जिलों में स्थापित हैं बुनियाद केंद्र

mission-buniyad
mission-buniyad

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 22 जिलों में बुनियाद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां चयनित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित टेस्ट, विशेष मार्गदर्शन एवं कैरियर काउंसलिंग प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके मानसिक एवं भावनात्मक सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान देता है।

अध्ययन सामग्री से होगी योजना साकार

जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विकल्प संस्थान के पदाधिकारियों की ओर से बुनियाद कार्यक्रम की रूपरेखा एवं विषय-वस्तु की विस्तृत जानकारी दी, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली को समझने में सहायता मिली। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही नि:शुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री, वर्दी, परिवहन भत्ता आदि सुविधाएं इस योजना को और अधिक प्रभावी बनाती हैं।

दिया सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच को अपनाने का संदेश दिया तथा विश्वास जताया कि मिशन बुनियाद के विद्यार्थी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र जिले में बुनियाद लेवल-3 परीक्षा में 246 में से 208 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, ओरिएंटेशन कार्यक्रम में 208 विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों सहित 900 से अधिक लोग उपस्थित रहे।

Also Read : हरियाणा में आशियाने का सपना महंगा, कलेक्टर रेट लागू

Also Read : कबूतरबाजी में ठगी के शिकार युवक ने निगला जहर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें