Site icon Dainik Savera Times

मिथुन चक्रवर्ती का बड़ा आरोप, कहा- Bengal को ‘वेस्ट पाकिस्तान’ बनाने की रची जा रही है साजिश

नेशनल डेस्क। भाजपा नेता और मशहूर फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कूचबिहार में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल में हालात जानबूझकर खराब किए जा रहे हैं और यहां का माहौल अब डरावना होता जा रहा है। मिथुन चक्रवर्ती ने अपने भाषण में फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे कश्मीरी पंडितों को वहां से बाहर जाने के लिए मजबूर किया गया था, वैसी ही स्थिति आज बंगाल में बनाई जा रही है।

उन्होंने सवाल किया, “क्या आपने कश्मीर फाइल्स देखी है? क्या आपने देखा कि लोगों को कैसे डराकर भगाया गया? आज बंगाल में भी वही खेल खेला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सोची-समझी साजिश के तहत पश्चिम बंगाल को ‘वेस्ट पाकिस्तान’ बनाने की कोशिश हो रही है।

केवल योजनाओं से राज्य का विकास नहीं होता…
मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि लक्ष्मी भंडार योजना पूरी तरह गलत नहीं है और लोगों को इसका फायदा लेना चाहिए, क्योंकि यह जनता का ही पैसा है। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि केवल योजनाओं से राज्य का विकास नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना से पूरे देश में लोग लाभ ले रहे हैं, लेकिन बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसे लागू नहीं होने दे रहीं।

मिथुन के अनुसार, ममता बनर्जी ऐसा इसलिए कर रही हैं, क्योंकि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम जुड़ जाएगा। न नौकरी, न फैक्ट्री, न विकास, भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में आज  न नई नौकरियां हैं, न नए कारखाने लग रहे हैं, न ही कोई बड़ा विकास कार्य हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हर तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है और युवाओं का भविष्य अंधेरे में जा रहा है।

पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर अत्याचार का आरोप
मिथुन चक्रवर्ती ने हाल ही में हुए दीपू दास मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जब लोग शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, तब पुलिस ने उन पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान 18 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। मिथुन ने सवाल उठाया, “क्या अब हम किसी घटना के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी नहीं कर सकते?”

बंगाल में हिंदुओं पर लगातार हमला हो रहा है
मिथुन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि जब बांग्लादेश में कोई घटना होती है, तो उसका असर बंगाल में हिंदुओं पर हमले के रूप में देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह अन्याय है और सरकार तथा पुलिस प्रशासन का रवैया पक्षपातपूर्ण है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को दबाना बेहद खतरनाक है।

हालात नहीं सुधरे तो असर पूरे देश पर पड़ेगा
भाजपा नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में हालात ऐसे ही बने रहे, तो इसका असर केवल बंगाल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश पर पड़ेगा। यह पहली बार नहीं है जब मिथुन चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला हो। इससे पहले भी उन्होंने ममता बनर्जी द्वारा कथित तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने पर कड़ी नाराजगी जताई थी। मीडिया से बातचीत में मिथुन ने कहा था, “अगर ममता बनर्जी को धमकी देनी है तो खुलकर दें। कह दें कि अमित शाह को बंगाल में घुसने नहीं देंगे, फिर देखिए क्या होता है।”

मिथुन चक्रवर्ती ने किया दावा, इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी
मिथुन चक्रवर्ती ने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा, “हम इस बार बंगाल में सरकार बनाएंगे ही बनाएंगे।”

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर

Exit mobile version