चमोली: उत्तराखंड के चमोली जनपद में बदरीनाथ यात्र मार्ग पर चल खाद्य परीक्षण विश्लेषणशाला (मोबाइल फूड टैस्टिंग लैब) शुरू की गई है। इससे तीर्थयात्री खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता की शिकायत होने पर तत्काल जांच करा सकते हैं। रविवार को आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शनिवार को इस लैब के लिए बदरीनाथ यात्र मार्ग पर नियुक्त किया गया है। पहले ही दिन इस पर चमोली बाजार में 70 खाद्य पदार्थो के नमूने लेकर जांच की गई। यह जांच राज्य खाद्य अभिकरण (एफडीए) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन निरीक्षण अभियान चलाकर की। इस दौरान 70 खाद्य पदार्थो की नमूनों की जांच में 13 पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, हालांकि खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता मानव के असुरक्षित नहीं पाया गया।
अभिहित अधिकारी अमिताभ जोशी ने बताया कि मोबाइल खाद्य परीक्षण विश्लेषण शाला में किए गए परीक्षण की जानकारी कारोबारियों और अन्य को दी गई। साथ ही खाद्य पदार्थो गुणवत्ता को लेकर भी जानकारी दी गई। उन्होंने होटल, रैस्टोरैंट और ढाबा संचालकों को खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा को लेकर निरंतर औचक निरीक्षण की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, उपायुक्त लैब राजेन्द्र सिंह कठायत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्र, कनिष्ठ खाद्य विश्लेषक रमेश चन्द्र जोशी आदि मौजूद थे।

