Mallikarjun Kharge : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों को किसान विरोधी करार देते हुए कहा है कि उनकी सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है और जो वादे खुद मोदी ने किए उन्हें भी पूरा नहीं किया गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कहा कि मोदी हरियाणा और राजस्थान के दौरे पर किसानों की समस्याओं पर ध्यान देते हुए उनकी दिक्कतों को समझेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित रास्ता निकालेंगे। उनका कहना था कि किसान जिन मांगों के लिए बार-बार दिल्ली दरबार में आकर गुहार लगाना चाहते, हैं उन पर उन्हें न्याय दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कि ‘अन्नदाता किसान को बार-बार क्यों न्याय के लिए दिल्ली की दहलीज पर आना पड़ रहा है। नरेन्द्र मोदी जी। आज जब आप हरियाणा व राजस्थान के दौरे पर होंगे, तो उम्मीद है कि अन्नदाता किसान की जद्दोजहद समझने की कोशिश जरूर करेंगे। किसान न्याय की गुहार इसलिए लगा रहे हैं, क्योंकि बार-बार आपकी सरकार ने उन्हें धोखा दिया है।’’ मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा, कि ‘2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी होने का धोखा, स्वामीनाथन रिपोर्ट के मुताबिक इनपुट कॉस्ट के साथ ही 50 प्रतिशत एमएसपी लागू करने का धोखा, एमएसपी को क़ानूनी दर्जा देने के लिए कमेटी बनाने का धोखा, न पर्याप्त खरीदी, न उचित दाम, न कानूनी गारंटी का इंतजाम, ऊपर से खाद-डीएपी व उर्वरकों की भारी किल्लत से किसान परेशान।’’
उन्होंने कहा, कि ‘आपने किसानों की राह पर कँटीले तारों का जाल बिछाया, फिर से दिल्ली बॉर्डर को छावनी बनाया, आँसू गैस से उनकी शांतिपूर्ण कूच को रोकने का प्रयास किया। इससे पहले उन पर रबर बुलेट दागे और लाठियाँ बरसाईं। यही नहीं, संसद में आपने खुद किसानों पर ‘आंदोलन जीवी’ और ‘परजीवी’ की अपमानजनक टिप्पणी की और 750 शहीद किसानों की याद में दो मिनट का मौन रखना भी मुनासिब नहीं समझा। इस परिस्थिति में आप और आपके कृषि मंत्री चाहे जितने भी झूठ बोल लें, अन्नदाता किसान समझ गए हैं कि आप उनके घोर विरोधी हैं। किसानों से उनके आवाज उठाने का हक मत छीनिए, उनके साथ अन्याय मत कीजिए।’

