नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को सम्मान, गर्व और गौरव के साथ मनाने तथा विकसित भारत का संकल्प लेने का आग्रह किया। मोदी ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में यह बात कही और एक वीडियो भी साझा की, जिसमें एनडीए के सांसद और कई केंद्रीय मंत्री तिरंगा लहराकर तथा ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर उनका अभिवादन करते नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा, ‘आइए, हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें।
हम एक विकसित भारत का संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा। आइए, हम हर घर पर तिरंगा फहराएं। भारत माता की जय, वन्दे मातरम्, वन्दे मातरम्, वन्दे मातरम्।’ इससे पहले, संसद भवन परिसर में एनडीए संसदीय दल की बैठक के आयोजन स्थल जीएमसी बालयोगी सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रवेश करने पर सत्तारूढ़ गठबंधन के सांसदों ने तिरंगा लहराकर तथा ‘वन्दे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने भी तिरंगा लहराया।
बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, एस. जयशंकर सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने जल शक्ति मंत्रालय के विभिन्न कार्यों पर एक प्रस्तुति भी दी। संसद सत्र के दौरान हर मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक आयोजित की जाती है। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था और 13 अगस्त को संपन्न होगा।

