Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारी बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएंगे मोदी : Devendra Fadnavis

November 16, 2023

भारी बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएंगे मोदी : Devendra Fadnavis

मुंबईः महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश के लोगों ने पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक और कार्यकाल देने का मन बना लिया है। दिवाली के मौके पर यहां अपने आवास पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता फडणवीस ने उनके अगले साल लोकसभा चुनाव लड़ने की लगाई जा रही अटकलों को भी खारिज कर दिया। फडणवीस ने कहा, लोगों ने पहले ही 2024 आम चुनाव में भारी बहुमत के साथ मोदी को तीसरा कार्यकाल देने का अपना मन बना लिया है। फिर चाहे कोई कितना भी जोर लगा ले, लोग अपना मन नहीं बदलेंगे। उनके लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों के बारे में पूछने पर फडणवीस ने कहा कि वह अगले साल होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में नागपुर से चुनाव लड़ेंगे।

फडणनीस मौजूदा वक्त में नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा सीट का प्रतिनिधत्व करते हैं। मराठा आरक्षण के लिए मुहिम चलाने वाले कार्यकर्ता मनोज जरांगे के जारी राज्य व्यापी दौरे के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की है। राज्य के गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे फडणवीस ने कहा, मैंने सभी मंत्रियों से कहा है कि हमें इस पूरे राज्य के मंत्री होने के नाते यह सुनिश्चित करने के लिए काम करना है कि कहीं भी किसी प्रकार का तनाव न हो।

मुख्यमंत्री ने मराठा आरक्षण का वादा किया है। इस बीच राज्य सरकार में मंत्री और वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण में मराठा समुदाय को हिस्सा देने पर विरोध जताया है। जब फडणवीस से मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘ हम कोशिश कर रहे हैं कि नागपुर में अगले महीने होने वलो शीतकालीन सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार हो जाए।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें