Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड संग रचाई शादी, फेसबुक पर हुआ था प्यार; परिवार को रिश्ता मंजूर नहीं

March 11, 2026

मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड संग रचाई शादी, फेसबुक पर हुआ था प्यार; परिवार को रिश्ता मंजूर नहीं

नई दिल्ली: महाकुंभ के दौरान अपनी नीली-भूरी आंखों की वजह से सोशल मीडिया पर अचानक चर्चा में आईं मोनालिसा भोसले एक बार फिर खबरों में हैं। इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी है। मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ बुधवार को शादी कर ली है। केरल के एक मंदिर में दोनों ने शादी की है। मोनालिसा और फरमान के रिश्ते के खिलाफ पिता और पूरा परिवार था। इसी बीच मोनालिसा अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम में तम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचीं और सुरक्षा की मांग की।

परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं

उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती हैं और उनके परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं है। खासकर उनके पिता जय सिंह भोसले इस संबंध का विरोध कर रहे हैं। अलग-अलग धर्म से होने की वजह से परिवार की तरफ से उन पर दबाव बनाया जा रहा था। मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि उन्हें घर वापस आने के लिए मजबूर किया जा रहा था और धमकियां भी मिल रही थीं। इसी वजह से उन्होंने घर छोड़ दिया और अपने प्रेमी के साथ केरल चली गईं।

दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मोनालिसा और फरमान ने बताया कि वे पिछले करीब डेढ़ साल से रिश्ते में हैं। दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी। सामाजिक और धार्मिक दबाव से दूर रहने के लिए उन्होंने केरल आने का फैसला किया। जब पुलिस ने मोनालिसा के दस्तावेजों की जांच की तो वह बालिग पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने उनके पिता को भी थाने बुलाया, लेकिन कानून के अनुसार बालिग होने की वजह से पुलिस ने मोनालिसा को अपने फैसले के अनुसार रहने की अनुमति दे दी।

महाकुंभ के दौरान वायरल हुई थीं मोनालिसा 

दरअसल, मोनालिसा साल 2025 में प्रयागराज में हुए महाकुंभ के दौरान वायरल हुई थीं। उस समय वह अपने परिवार के साथ रुद्राक्ष और माला बेचती नजर आई थीं। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए थे, जिसके बाद वह इंटरनेट पर काफी लोकप्रिय हो गईं। वायरल होने के बाद उन्हें फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में काम करने का मौका भी मिला। हालांकि, लोकप्रियता मिलने के साथ उनकी जिंदगी कई विवादों में भी घिरती रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें