Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में मानसून का कहर जारी: भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, 357 सड़कें बंद, 11 से 14 अगस्त तक का अलर्ट

August 9, 2025

हिमाचल में मानसून का कहर जारी: भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त, 357 सड़कें बंद, 11 से 14 अगस्त तक का अलर्ट

शिमला: हिमाचल में भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्रदेश के विभिन्न भागों में भूस्खलन से सडक यातायात बाधित है। पेयजल व बिजली की आपूर्ति बाधित हो रही है। भारी बारिश के चलते शुक्रवार सायंकाल तक प्रदेश में 357 सड़कें बंद थी। 599 बिजली ट्रांसफार्मर व 177 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। आपदाग्रस्त मंडी जिले में अभी भी 206 सडकें , 204 बिजली ट्रांसफार्मर व 105 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं। कुल्लू जिले में भी 99 सडकें व 382 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हैं।

11 से 14 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के कई भागों में 14 अगस्त तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। 11 से 14 अगस्त तक कई भागों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 8 से 10 अगस्त तक येलो अलर्ट है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 7 अगस्त तक 208 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 313 लोग घायल हुए हैं। 37 लोग अभी भी लापता हैं। इस दौरान 94 लोगों की सडक हादसों में मौत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 2277 कच्चे,पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। साथ ही मानसून से चल व अचल संपत्ति के नुकसान का आंकड़ा 1988 करोड़ के करीब पहुंच गया है।

भारी वाहनों के लिए मार्ग बंद
वहीं, किन्नौर जिले के रिब्बा गांव के पास रालढंग खड्ड में आई बाढ़ से स्कीबा में एनएच.5 बंद हो गया था। शुक्रवार सुबह प्रशासन और बीआरओ की टीम ने छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। भारी वाहनों के लिए फिलहाल मार्ग बंद रहेगा। बहाली कार्य में जुटी बीआरओ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों ने बीती रात हजारों टन मलबा और विशालकाय चट्टानों को हटाने में सफलता हासिल की। राजस्व बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी स्वयं मौके पर डटे रहे और टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच चक्कीमोड़ में फिर भूस्खलन
कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच चक्कीमोड़ में फिर भूस्खलन होने से शुक्रवार शाम को बंद हो गया है। नतीजतन सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। बारिश के बीच पहाड़ी से भारी मात्र में मलबा और पत्थर सडक पर आ गए हैं। इसी के साथ सडक पर मिट्टी जमा होने से दलदल बन गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें