Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई में रहते हैं सबसे ज्यादा अरबपति, बीजिंग को पीछे छोड़ा

March 27, 2024

मुंबई में रहते हैं सबसे ज्यादा अरबपति, बीजिंग को पीछे छोड़ा

मुंबई: भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई ने अरबपतियों की संख्या के मामले में चीन के बीजिंग को पीछे छोड़ दिया है। मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया में सबसे अधिक अरबपति मुंबई में रहते हैं। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार, मुंबई में कुल 92 अरबपतियों के आवास हैं, जबकि बीजिंग में यह संख्या 91 है। सूची के अनुसार, भारत में 271 अरबपति हैं, जबकि चीन में यह संख्या 814 है। वैश्विक अमीरों की यह सूची भारत में बढ़ती असमानता पर चिंता व्यक्त करने वाली एक रिपोर्ट के कुछ दिन बाद आई है।

भारत में आय और धन असमानता, 1922-2023: अरबपति राज का उदय शीर्षक वाले एक पत्र के अनुसार, भारत में शीर्ष एक प्रतिशत आबादी के पास 2023 में 40 प्रतिशत संपत्ति थी, जबकि 2000 की शुरुआत में यह आंकड़ा 22.6 प्रतिशत था।
हुरुन की रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी ने 115 अरब अमरीकी डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे अमीर भारतीय के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा है। अंबानी की संपत्ति में पिछले साल 40 प्रतिशत या 33 अरब डॉलर का इजाफा हुआ।

रिपोर्ट में कहा गया कि एक शॉर्ट सेलर की रिपोर्ट के बाद हुए नुक्सान की कुछ हद तक भरपाई करने में गौतम अदाणी सफल रहे हैं और पिछले साल उनकी कुल संपदा में 62 प्रतिशत का इजाफा हुआ। वैश्विक स्तर पर, टैस्ला के मालिक एलन मस्क इस सूची में शीर्ष पर हैं। अंबानी 231 अरब अमरीकी डॉलर की संपत्ति के साथ सूची में 10वें स्थान पर हैं। अदाणी 15वें स्थान पर हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें