नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह केसली थाना क्षेत्र के खमरिया गांव में एक महिला और उसकी चार मासूम बेटियों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव के पास एक बेर के पेड़ पर महिला का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पास के खेत में बने एक कुएं से उसकी चारों बेटियों के शव बरामद किए गए। घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के मुताबिक, मृत महिला की पहचान 28 वर्षीय सविता लोधी के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव के पास बेर के पेड़ पर एक महिला को लटका हुआ देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जब पुलिस और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्र की जांच की तो पास के खेत में बने कुएं में चार बच्चियों के शव तैरते हुए दिखाई दिए। ये चारों बच्चियां सविता की बेटियां थीं, जिनकी उम्र करीब 7 साल, 5 साल, 3 साल और चार महीने बताई जा रही है। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि सविता का पति पिछले करीब एक साल से मजदूरी के लिए दूसरे शहर गया हुआ है और घर नहीं लौटा था। महिला अपने ससुर और छोटी बहन के साथ गांव में रहती थी। बताया जा रहा है कि बुधवार रात चारों बच्चियां अपनी मौसी के पास सो रही थीं, लेकिन देर रात सविता उन्हें वहां से उठाकर अपने साथ ले गई थी। इसके बाद सुबह यह दर्दनाक घटना सामने आई।
फिलहाल पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के पीछे की असली वजह साफ हो पाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...