Mountain collapses in Chamba : चंबा। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब कहर बनकर सामने आने लगी है। शनिवार सुबह चंबा के चुवाड़ी-भराड़ी मार्ग पर अचानक हुए भीषण भूस्खलन ने सड़क का बड़ा हिस्सा निगल लिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक वाहन मलबे में फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार लोग समय रहते बाहर निकल आए और एक बड़ा हादसा बच गया।
मलबा हटाने में जुटा विभाग, जल्द खुलेगा मार्ग
इस हादसे की वजह से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इससे दोनों ओर वाहनों का जाम लग गया और यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। भूस्खलन शनिवार सुबह करीब 8:00 बजे हुआ। पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें मुख्य सड़क पर आ गिरीं। भूस्खलन इतना भीषण था कि सड़क का एक बड़ा भाग टूटकर खाई में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से तुरंत दो जेसीबी को काम पर लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर तक मलबे में फंसे वाहन को पूरी तरह से सुरक्षित बाहर निकाला।
भूस्खलन से सड़क बंद, दोनों ओर लंबा जाम
इसके बाद विभाग ने बंद पड़े मार्ग को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। मार्ग बंद होने के कारण लंबी दूरी के यात्रियों, खासकर जरूरी काम से निकले लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी ने बताया कि शनिवार सुबह भूस्खलन के कारण चुवाड़ी-भराड़ी रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम और दो जेसीबी मशीनें मौके पर तैनात कर दी गईं। मलबे में फंसे वाहन को सुरक्षित निकाल लिया है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण काम में थोड़ी बाधा आ रही है, लेकिन मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए विभाग युद्ध स्तर पर जुटा है। जल्द ही यातायात को सुचारू कर दिया जाएगा।
Also Read

