नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के बालाघाट में 30 से ज्यादा बच्चों की मौत को लेकर बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि मोहन यादव सरकार भारत की सर्वाधिक भ्रष्ट और सबसे कुशासित सरकार है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव को दीये जलाने और उत्सव मनाने से फुर्सत मिल गई हो तो उन्हें राज्य के ज़मीनी हालात भी देखने चाहिए।
गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”बालाघाट में 30 से ज़्यादा आदिवासी बच्चों की बीमारी, कुपोषण और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के बीच मौत हो चुकी है। संवेदनहीनता का आलम यह है कि मासूमों की मौतें होती रहीं, लेकिन कार्रवाई सुस्त रही, सरकार सोती रही।”
उनका कहना है, ”बीमारी, पोषण और साफ पानी की कमी और चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था नन्हें बच्चों की जान ले रही है। मिलावटी दवाइयां और जहरीली अवैध शराब सैकड़ों परिवारों को तबाह कर रही हैं।”
कांग्रेस नेता ने 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा, ”मैं इंदौर आ रहा हूं और लगातार प्रदेश के छात्रों, युवाओं और आम लोगों से फीडबैक ले रहा हूं। सामने आ रही भयावह घटनाएं बता रही हैं कि मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था आज देश भर में सबसे ज़्यादा बर्बाद है।” उन्होंने दावा किया, ”छात्र, बच्चे, गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े या महिलाएं, हर वर्ग प्रताड़ित है, कोई खुश नहीं।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ”मध्य प्रदेश सरकार आज भारत की सर्वाधिक भ्रष्ट और सबसे कुशासित सरकार है, यही सच्चाई है।”
मेष: दिन शुभ रहेगा...