उज्जैन। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार अब प्रदेश की लाडली बहनाओं को उन्हें रक्षाबंधन के मौके पर 1250 रुपये के अलावा 250 रुपये अतिरिक्त देगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि इस राशि को बढ़ाकर आगामी समय में तीन हजार रुपये कर दिया जाएगा।
सीएम ने कहा- बाबा के आशीर्वाद से प्रदेश आगे बढ़ रहा है
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार की सुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती में हिस्सा लिया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज बाबा महाकाल ने भस्म आरती में अद्भुत कृपा की है। बाबा के आशीर्वाद से मध्य प्रदेश आगे बढ़ रहा है। हम समृद्धि के मार्ग पर निवेशकों को आमंत्रित कर रहे हैं। रविवार को मैं दुबई और स्पेन के सात दिवसीय दौरे पर जा रहा हूं।
“ॐ नमः पार्वती पतये, हर हर महादेव”
पवित्र पावन श्रावण मास में आज बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती में सम्मलित होने का परम् सौभाग्य प्राप्त हुआ।
बाबा महाकाल सभी भक्तों पर इसी तरह अपनी अनवरत कृपा बनाए रखें। सभी सुखी हों, निरोग हों, यही कामना करता हूं।
।। जय श्री महाकाल ।।… pic.twitter.com/SJ7hgGQlfN
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 12, 2025
लाडली बहनों को प्रतिमाह दी जाने वाली राशि तीन हजार रुपए तक पहुंचाएंगे
मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मैं प्रतिबद्ध हूं लाडली बहनों को प्रतिमाह दी जाने वाली राशि को धीरे-धीरे करके तीन हजार रुपए तक पहुंचाएंगे। आज बहनों के खाते में 1250 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। रक्षाबंधन के पहले ढाई सौ रुपए की अतिरिक्त राशि के साथ 1500 रुपए बहनों के खाते में अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री यादव ने लाडली बहनाओं को दी जाने वाली राशि में बढ़ोतरी का वादा किया और कहा कि भाई दूज के बाद नवंबर के महीने से हर महीने 1500 रुपए की राशि बहनों के खाते में अंतरित करने का संकल्प पूरा होगा। राज्य में कांवड़ यात्रा के यात्री आते है और उनका विभिन्न क्षेत्रों से निकलना भी होता है। मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि उज्जैन सहित अन्य स्थानों पर आने वाले कांवड़ यात्रियों को जरूरी सुविधाएं सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी। कांवड़ यात्री राज्य में जहां से प्रवेश करेंगे और जिस स्थान तक जाएंगे, उन्हें सरकार सुविधाएं देगी।
2023 विधानसभा चुनाव में किया था वादा
बता दें कि राज्य में वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने लाड़ली बहनाओं को तीन हजार रुपए प्रतिमाह देने का ऐलान किया था। राज्य में एक करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनाएं है।