Site icon Dainik Savera Times

MP NEWS : स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, कैंपस खाली कराया गया

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सेंट गेब्रियल्स स्कूल में मंगलवार सुबह बम की सूचना से हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने इसकी जानकारी रांझी थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ते को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बीडीएस की टीमें स्कूल पहुंचीं और एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली करवा लिया। करीब एक घंटे की गहन जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। जानकारी के मुताबिक, यह धमकी उस समय मिली जब स्कूल में छठी से आठवीं कक्षा के बच्चों के फाइनल पेपर चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार, स्कूल के प्रिंसिपल के आधिकारिक ईमेल पर एक मैसेज आया था, जिसमें दावा किया गया था कि प्रभाकर नामक एक व्यक्ति ने स्कूल में बम रखा है, जो जल्द ही ब्लास्ट हो जाएगा। हालांकि, बम की अफवाह फैलाने वाले ने यह मेल किस उद्देश्य से भेजा और उसका मकसद क्या था, इसकी जांच जारी है। पुलिस ने सायबर सेल की मदद से इस मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है ताकि अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति तक पहुंचा जा सके।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि रांझी थाना प्रभारी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे थाना क्षेत्र स्थित सेंट गैब्रियल्स स्कूल के प्रिंसिपल को एक ईमेल मिला, जिसमें कहा गया था कि प्रभाकर नाम का एक व्यक्ति स्कूल में बम प्लांट करेगा और स्कूल को भी बम से उड़ा देगा। थाना प्रभारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्कूल को खाली करवा दिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते की टीम को बुलाकर पूरे स्कूल परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी में स्कूल परिसर में बम जैसी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और सभी परीक्षाएं बिना किसी बाधा के समय पर संपन्न हुईं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: Punjab News: तरनतारन में किसान नेता की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार

Exit mobile version