Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

MP Police Recruitment 2026: 655 पदों पर सरकारी नौकरी का मौका, 12वीं पास उम्मीदवार जल्द करें आवेदन

September 23, 2026

MP Police Recruitment 2026: 655 पदों पर सरकारी नौकरी का मौका, 12वीं पास उम्मीदवार जल्द करें आवेदन

MP Police Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती सामने आई है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह पुलिस विभाग में सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 655 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 8 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती परीक्षा की शुरुआत 3 नवंबर 2026 से प्रस्तावित है।

किन पदों पर होगी भर्ती?

इस भर्ती में सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पद शामिल हैं। पदों का विवरण इस प्रकार है:-

सूबेदार, सामान्य शाखा: 125 पद
सूबेदार, विशेष शाखा: 10 पद
सहायक उप निरीक्षक, सामान्य शाखा: 100 पद
सहायक उप निरीक्षक, मैदानी इकाई: 370 पद
सहायक उप निरीक्षक, विशेष शाखा: 25 पद
सहायक उप निरीक्षक, सीआईडी: 25 पद

इस तरह कुल 655 रिक्तियों को इस भर्ती के माध्यम से भरा जाएगा।

12वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही दोनों पदों के लिए अलग-अलग टाइपिंग और कंप्यूटर से जुड़ी योग्यता भी मांगी गई है। सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक पद के लिए उम्मीदवार को हिंदी स्टेनोग्राफी में 100 शब्द प्रति मिनट की स्पीड आनी चाहिए। इसके अलावा सीपीसीटी हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड और कंप्यूटर से संबंधित एक साल का डिप्लोमा होना जरूरी है। वहीं सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) पद के लिए 12वीं पास होने के साथ सीपीसीटी हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड और एक साल का कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी है। इसके अलावा बीई, बीटेक, बीसीए, एमसीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस/आईटी या एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त संबंधित पॉलिटेक्निक डिप्लोमा जैसी योग्यताएं रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।

उम्र सीमा कितनी है?

उम्मीदवारों की आयु की गणना 8 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। बता दें कि सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों और मध्य प्रदेश के बाहर रहने वाले पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 33 वर्ष रखी गई है। मध्य प्रदेश की महिला उम्मीदवारों तथा राज्य के एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को अधिकतम 38 वर्ष तक आवेदन करने की अनुमति है।

विक्रम पुरस्कार प्राप्त पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 38 वर्ष है। वहीं महिला विक्रम पुरस्कार प्राप्त उम्मीदवारों और आरक्षित वर्ग के पुरुष विक्रम पुरस्कार विजेताओं के लिए यह सीमा 42 वर्ष तक है।इसके अतिरिक्त, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र मध्य प्रदेश निवासी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिल सकती है।

वेतन कितना मिलेगा?

चयन के बाद पद के अनुसार अलग-अलग वेतनमान मिलेगा। सूबेदार (मंत्रालयिक) पद के लिए वेतनमान 36,200 रुपये से 1,14,800 रुपये तक निर्धारित है। सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को 19,500 रुपये से 62,000 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा। भर्ती नियमों के अनुसार चयनित कर्मचारियों के लिए पेंशन संबंधी प्रावधान भी लागू होंगे।

लिखित परीक्षा के बाद होगा स्किल टेस्ट

बता दें कि उम्मीदवारों का चयन पहले कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा। परीक्षा में 100 सवाल होंगे और सभी सवाल बहुविकल्पीय यानी MCQ होंगे। पेपर कुल 100 अंकों का होगा और इसे हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा।

लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर पद और कैटेगरी के हिसाब से उपलब्ध पदों की संख्या के 7 गुना तक उम्मीदवारों को अगली परीक्षा यानी स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। स्किल टेस्ट भी 100 अंकों का होगा। इसमें पास होने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 30 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा।

सूबेदार आशुलिपिक का स्किल टेस्ट

सूबेदार आशुलिपिक पद के लिए हिंदी स्टेनोग्राफी का टेस्ट लिया जाएगा। इसमें उम्मीदवारों को दो टेस्ट देने होंगे। हर टेस्ट में 5 मिनट का डिक्टेशन होगा और इसकी स्पीड 100 शब्द प्रति मिनट रहेगी।

स्किल टेस्ट कुल 100 अंकों का होगा। इसमें:

डिक्टेशन के लिए 20 अंक
टाइपिंग के लिए 80 अंक

एएसआई के लिए टाइपिंग टेस्ट

सहायक उप निरीक्षक पद के उम्मीदवारों को हिंदी टाइपिंग परीक्षा देनी होगी। इसमें 600-600 शब्दों के दो अनुच्छेद टाइप करने होंगे।

आवेदन फीस और जरूरी तारीखें

इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क उम्मीदवार की कैटेगरी और आवेदन के तरीके के हिसाब से अलग-अलग है।

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन फीस 500 रुपये है।
मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये देने होंगे।
विभागीय आवेदन करने पर सामान्य वर्ग के लिए 200 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 100 रुपये फीस है।
कियोस्क से आवेदन करने पर 60 रुपये पोर्टल फीस देनी होगी।
रजिस्टर्ड यूजर के लिए पोर्टल फीस 20 रुपये है।
आवेदन में कोई गलती सुधारने पर हर सुधार के लिए 20 रुपये और तय पोर्टल फीस देनी होगी।

जरूरी तारीखें

आवेदन शुरू होने की तारीख: 24 सितंबर 2026
आवेदन की आखिरी तारीख: 8 अक्टूबर 2026
लिखित परीक्षा शुरू: 3 नवंबर 2026

आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ लेना चाहिए। इसमें योग्यता, उम्र, फीस और भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें