Murder in Mumbai local train: मुंबई में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भारी बारिश के बीच लोकल ट्रेन में दरवाजा बंद करने और सीट को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई। यह घटना मुंबई की फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में हुई, जिससे यात्रियों में डर और दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय मयंक रमेश लोहार और आरोपी युवक अंधेरी स्टेशन से एक ही फर्स्ट क्लास कोच में सवार हुए थे। उस समय मुंबई में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण ट्रेन का दरवाजा बंद रखने को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि सीट को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखा चाकू निकाला और मयंक के पेट में कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मयंक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही नीचे उतर गया और वहां से फरार हो गया। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने घटना की जानकारी रेलवे अधिकारियों और पुलिस को दी।
मामले की जांच गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) कर रही है। बोरीवली जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस ने स्टेशन और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चलती ट्रेन में हुई इस हत्या की घटना से यात्रियों में भारी दहशत फैल गई है। रोजाना लाखों लोग मुंबई लोकल से सफर करते हैं, ऐसे में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर, मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बुधवार सुबह शहर के लोगों की शुरुआत तेज बारिश के साथ हुई, जिससे लोकल ट्रेन सेवाओं और सड़क यातायात पर असर पड़ा। नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर में औसतन 195 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी उपनगरों में 208 मिमी बारिश हुई। पूर्वी उपनगरों में 167 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। IMD ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। लोगों को सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...