Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

MVA का घोषणापत्र ‘महाराष्ट्रनामा’ जारी, जनता को दी 5 गारंटी, पढ़िए…

November 10, 2024

MVA का घोषणापत्र ‘महाराष्ट्रनामा’ जारी, जनता को दी 5 गारंटी, पढ़िए…

MVA Manifesto Released : भारतीय जनता पार्टी के बाद महाविकास अघाड़ी (MVA) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए रविवार को अपना घोषणापत्र ‘महाराष्ट्रनामा‘ जारी किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजरुन खड़गे ने महाविकास अघाड़ी का घोषणा पत्र जारी किया। इस दौरान शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत, एनसीपी (SCP) सांसद सुप्रिया सुले, कांग्रेस महासचिव केसी. वेणुगोपाल और अन्य नेता भी मौजूद रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजरुन खड़गे ने MVA का घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि महाराष्ट्र का चुनाव देश के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। ये चुनाव देश का भविष्य बदलने वाला चुनाव है। हम यहां महाविकास अघाड़ी की सरकार बनाएंगे, तभी राज्य प्रगति करेगा। किसान, महिला, युवा समेत प्रदेश का हर वर्ग खुशहाल होगा।

मल्लिकाजरुन खड़गे ने घोषणापत्र के जरिए महाराष्ट्र की जनता को 5 गारंटी दी। जिसमें महिलाओं को महालक्ष्मी के तहत 3 हजार रुपये देने का ऐलान किया है, वहीं किसानों को 3 लाख रुपये तक कर्ज माफ और कुटुंब रक्षा के तहत 25 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही MVA ने जातिगत जनगणना का वादा भी किया है।

MVA ने अपने घोषणा पत्र में महालक्ष्मी के अलावा महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा देने का वादा किया है। MVA ने कुटुंब रक्षा के तहत महाराष्ट्र की जनता को 25 लाख रुपए तक स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त दवा देने का ऐलान किया है।

महाविकास अघाड़ी ने बेरोजगारों को हर महीने 4 हजार रुपए की मदद देने की घोषणा की है। महाविकास अघाड़ी गठबंधन ने समानता की गारंटी के तहत अपने घोषणा पत्र में जातिगत जनगणना कराने का ऐलान किया है। साथ ही 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा हटाने की बात भी कही है।

इसके अलावा MVA ने कृषि समृद्धि के माध्यम से किसानों का 3 लाख रुपये तक कर्ज माफ करने का वादा किया है और नियमित कर्ज चुकाने पर 50 हजार का प्रोत्साहन देने की भी घोषणा की है।

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होंगे, जबकि चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। राज्य में महायुति की सरकार है और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें