Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Telangana में Congress सरकार देखना मेरा सपना : Sonia Gandhi

September 18, 2023

Telangana में Congress सरकार देखना मेरा सपना : Sonia Gandhi

हैदराबादः कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने यहां रविवार को पार्टी की रैली में कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार देखना उनका सपना रहा है। कांग्रेस की 2 दिवसीय कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद हैदराबाद के बाहरी इलाके में पार्टी द्वारा आयोजित एक बड़ी रैली में उन्होंने कहा, ‘तेलंगाना में कांग्रेस सरकार देखना मेरा सपना रहा है जो हमारे समाज के सभी वर्गों के लिए काम करें।‘ उन्होंने जन समुदाय से पूछा ‘क्या आप सभी हमें अपना समर्थन देने जा रहे हैं,‘ और हजारों लोगों ने जोरदार जयकारे के साथ हां में जवाब दिया।

तेलंगाना राज्य के गठन में अहम भूमिका निभाने वाली सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें अपने सहयोगियों के साथ इस महान राज्य के जन्म का हिस्सा बनने का अवसर मिला। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने बैठक में अपने संक्षिप्त भाषण में कहा, ‘अब इसे नई ऊंचाई पर ले जाना हमारा कर्तव्य है।‘ उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी तेलंगाना के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए छह गारंटियों की घोषणा कर रही है और पार्टी उनमें से प्रत्येक को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, कि ‘मैं इस ऐतिहासिक दिन पर आपके साथ एक ऐसी घोषणा करते हुए खुशी से भर गई हूं, जो तेलंगाना की मेरी प्यारी बहनों को सशक्त बनाएगी।‘ उन्होंने एक गारंटी महालक्ष्मी की घोषणा की हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सोनिया गांधी ने तेलंगाना राज्य गठन का वादा किया था और उन्होंने इसे निभाया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने कुछ नहीं किया, वे बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने राज्य को दिवालियापन के कगार पर धकेल दिया है। उन्होंने कहा, कि ‘जिस राज्य का बजट सरप्लस था, उस पर अब 3.66 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है।‘ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि केसीआर की पार्टी बीआरएस बीजेपी की बी टीम है और लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को अपने दोस्तों को बेच रहे हैं, जबकि केसीआर भी तेलंगाना में ऐसा ही कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कि ‘मोदी और केसीआर दोनों ने झूठे वादों से लोगों को धोखा दिया है।‘ वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हालांकि अविभाजित आंध्र प्रदेश में कांग्रेस पार्टी सत्ता में थी और उसके मुख्यमंत्री राज्य के विभाजन के खिलाफ थे, लेकिन पार्टी ने तेलंगाना के लोगों की भावनाओं का सम्मान किया और नया राज्य बनाने के लिए ऐतिहासिक विधेयक लाया।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि तेलंगाना के लोग तेलंगाना राज्य के गठन के लिए कांग्रेस की सरकार बनाकर एहसान चुकाएं। रैली में पहुंचे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गांधी परिवार का इतिहास बलिदानों से भरा रहा है। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने इस देश के लिए अपनी जान दे दी। कांग्रेस नेता ने कहा कि गांधी परिवार ने कभी भी सत्ता की चिंता नहीं की। उन्होंने कहा, ’30 साल तक गांधी परिवार का कोई भी सत्ता में नहीं रहा, हालांकि सोनिया गांधी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन सकते थे, लेकिन इनमें पद का लालच नहीं है।’

उन्होंने दावा किया कि भारतभर के गांवों में लोगों के मन में गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी के प्रति बहुत सम्मान है, जो समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलता है। गहलोत ने कहा कि आज देश और देश का लोकतंत्र खतरे में है, संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अगर अपने संविधान को और लोकतंत्र को बचाना है तो भाजपा से परहेज करना होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें