Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है मेरा लक्ष्य, मिलकर करना होगा काम

January 25, 2024

भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है मेरा लक्ष्य, मिलकर करना होगा काम

बुलंदशहर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत काे विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा करना है और इसके लिये सभी को मिल कर काम करना होगा। बुलंदशहर और मेरठ मंडल को 20 हजार 700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देने के बाद पुलिस शूटिंग रेंज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न होने के बाद अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है। हमें देव से देश और राम से राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है।

हमारा लक्ष्य साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और लक्ष्य बड़ा हो तो उसके लिए हर साधन जुटाना होता है, सबको मिल करके प्रयास करना पड़ता है। विकसित भारत का निर्माण भी यूपी के तेज विकास के बिना संभव नहीं है। इसके लिए हमें खेत-खलिहान से लेकर ज्ञान-विज्ञान, उद्योग-उद्यम तक हर शक्ति को जगाना है।
उन्होने कहा कि आज पश्चिमी यूपी को विकास के लिए 19 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट भी मिले हैं। ये प्रोजेक्ट्स रेल लाइन, हाईवे, पेट्रोलियम पाइपलाइन, पानी, सीवेज, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक शहर से जुड़े हुए हैं। आज यमुना और राम गंगा की स्वच्छता से जुड़े प्रोजेक्ट्स का भी लोकार्पण हुआ है।


इस क्षेत्र ने तो देश को श्री कल्याण सिंह जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने रामकाज और राष्ट्रकाज, दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं, अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे। ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह और उनके जैसे अनेकों लोगों का सपना पूरा किया है। लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र के निर्माण का, सच्चे सामाजिक न्याय का उनका स्वप्न पूरा करने के लिए हमें अपनी गति और बढ़ानी है, और जिसके लिए हमें मिलकर काम करना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें