Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा सीईसी की बैठक में मध्य प्रदेश के 92, राजस्थान के 79 उम्मीदवारों के नाम पर लगी मुहर

October 20, 2023

भाजपा सीईसी की बैठक में मध्य प्रदेश के 92, राजस्थान के 79 उम्मीदवारों के नाम पर लगी मुहर

नई दिल्ली: भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मध्य प्रदेश के 92 और राजस्थान के 79 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लग गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दोनों राज्यों के लिए उम्मीदवारों की अगली लिस्ट शनिवार या रविवार को जारी हो सकती है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मध्य प्रदेश की बची हुई सभी 94 विधानसभा सीटों पर चर्चा की गई जिसमें से 92 सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय हो गए हैं।

हालांकि, पार्टी के एक नेता ने यह भी बताया कि बाकी बची हुई 2 सीटों पर कुछ जानकारियां जुटाई जा रही हैं और अगर संभव हो पाया तो पार्टी मध्य प्रदेश के लिए अपनी पांचवीं लिस्ट में सभी 94 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकती है।ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए भाजपा इससे पहले अपनी चार लिस्ट जारी कर चुकी है और इन चारों लिस्ट को मिला कर पार्टी अब तक 136 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है। वहीं, राजस्थान विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 84 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई और पार्टी सूत्रों की माने तो इसमें से 79 के लगभग सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए गए हैं।

आपको बता दें कि पार्टी ने राजस्थान के लिए अब तक उम्मीदवारों की एक ही लिस्ट जारी की है। राजस्थान के लिए 9 अक्टूबर को जारी की गई अपनी पहले लिस्ट में भाजपा ने राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए सिर्फ 41 उम्मीदवारों के नाम की ही घोषणा की थी।तेलंगाना उम्मीदवारों को लेकर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक अभी जारी है। बता दें कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर, राजस्थान में 25 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें