नई दिल्ली : दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर ने सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सोमवार, 8 जून को नमो भारत ट्रेनों में एक दिन के भीतर लगभग 1 लाख 25 हजार 500 यात्रियों ने यात्रा की, जो इस कॉरिडोर की अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोग तेजी से नमो भारत को अपनी पहली पसंद बना रहे हैं। एनसीआरटीसी के मुताबिक, सामान्य दिनों में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन करीब एक लाख यात्री सफर करते हैं, लेकिन हालिया रिकॉर्ड ने इसकी बढ़ती लोकप्रियता को और मजबूत किया है।
नमो भारत ट्रेनों का संचालन लगभग 99 प्रतिशत समयबद्धता के साथ किया जा रहा है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी और नियमित यात्री बड़ी संख्या में इस सेवा का उपयोग कर रहे हैं। दिल्ली के सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार तथा गाजियाबाद और बेगमपुल सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनसीआरटीसी ने हाल ही में पीक आवर्स के दौरान 18 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की हैं। लगातार बढ़ती राइडरशिप संकेत दे रही है कि नमो भारत लाखों लोगों के दैनिक जीवन का भरोसेमंद हिस्सा बन चुकी है।

