Site icon Dainik Savera Times

लक्षद्वीप के पास ईरानी नौका से 3,000 करोड़ रुपए के मादक पदार्थ जब्त, 5 पाकिस्तानी हिरासत में

अहमदाबाद : भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) के साथ संयुक्त अभियान में लक्षद्वीप के पास अरब सागर में एक ईरानी नौका से 3,000 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की 526 किलोग्राम मैथामफेटामाइन और हैरोइन जब्त की है। तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि 25 सितंबर को चलाए गए अभियान के दौरान नौका पर सवार 5 पाकिस्तानी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया। खुफिया जानकारी के आधार पर तटरक्षक बल की इकाइयों ने समुद्री और हवाई निगरानी की तथा संदिग्ध नौका का पता लगाया।

इसके बाद उसका पीछा किया गया और लक्षद्वीप के पश्चिम में नौका पर चढ़कर उसकी तलाशी ली गई। नौका, उसके चालक दल और जब्त किए गए मादक पदार्थों को सशस्त्र सुरक्षा के बीच पूछताछ तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई लाया गया है। यह प्रतिबंधित सामान समुद्र के बीच खेप लेने के बाद तमिलनाडु के तट पर पहुंचना था। हिरासत में लिए गए चालक दल के 5 सदस्यों की पहचान मोहम्मद याकूब बलोची, शाकिरुल्ला, फरीदुल्ला, अहमद खान और वाहिदुल्ला खान के रूप में हुई है, और ये सभी पाकिस्तान के पेशावर के रहने वाले हैं।

नौका ईरान के कोनारक बंदरगाह के पास से रवाना हुई थी। छोटी नौका पर सवार तस्करों ने पाकिस्तान के ग्वादर से गुजरते समय प्रतिबंधित सामान को ईरानी पोत पर स्थानांतरित कर दिया। यह खेप कथित तौर पर हाजी सलीम द्वारा संचालित एक अंतर्राष्ट्रीय तस्करी नैटवर्क की थी और चालक दल को यह मादक पदार्थ समुद्र के बीच एक दूसरी नौका पर पहुंचाना था। शुरुआती जांच से पता चला है कि तमिलनाडु में उतारने के बाद, इस खेप को पंजाब में एक नाइजीरियाई व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। उन्होंने कहा कि गुजरात एटीएस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Exit mobile version