Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुधवार को निर्धारित आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु दौरे से ठीक पहले राज्य की राजनीति एक विवादित बयान को लेकर उथल-पुथल में है। DMK के एक स्थानीय नेता का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कथित रूप से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने इसे बेहद गंभीर मामला बताया है और आरोपी नेता की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
तेनकासी जिले में आयोजित एक विरोध कार्यक्रम के दौरान DMK दक्षिण ज़िला सचिव जयपालन ने भाषण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन में उन्होंने मोदी की तुलना नरकासुर से करते हुए विवादित टिप्पणी की। उनके इस बयान को विपक्ष ने “अप्रत्यक्ष रूप से जान से मारने की धमकी” करार देते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। वीडियो सामने आते ही यह सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
BJP ने की कड़ी निंदा, कहा—“तुरंत की जाए गिरफ्तारी”
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नयनार नागेन्द्रन ने वीडियो साझा करते हुए DMK पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने लिखा कि “देश में एक अत्यंत महत्वपूर्ण पद पर आसीन एक नेता, विशेषकर एक महान नेता, जिसका पूरी दुनिया सम्मान करती है, को बिना किसी सम्मान और मंचीय शिष्टाचार के जान से मारने की धमकी देना तमिलनाडु की कानून-व्यवस्था पर संदेह पैदा करता है। विशेष रूप से, ज़िला सचिव के क्रूर भाषण पर रोक लगाए बिना, वहां उपस्थित तेनकासी सांसद रानी श्रीकुमार और शंकरनकोविल विधायक राजा की चुप्पी पूरी पार्टी की हिंसक प्रकृति और क्रूरता को उजागर करती है। DMK इससे बचने के लिए चाहे कोई भी बहाना बनाए, उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। मैं डीएमके सरकार से आग्रह करता हूं कि वह डीएमके दक्षिण जिला सचिव जयपालन को तुरंत गिरफ्तार करे, जिन्होंने भारत के माननीय प्रधानमंत्री की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले बयान दिए हैं।”

पीएम मोदी का बुधवार का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पहले आंध्र प्रदेश के पुट्टापार्थी जाएंगे, जहां वे सत्य साईं बाबा के पवित्र स्थल पर दर्शन करेंगे। इसके बाद वे तमिलनाडु के कोयंबटूर पहुंचेंगे। कोयंबटूर में प्रधानमंत्री दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और पीएम-किसान योजना की 21वीं किस्त भी जारी करेंगे।