Site icon Dainik Savera Times

Narendra Modi पांचवें चरण में 310 सीट प्राप्त कर चुके हैं, लालू-राहुल का हो गया है सूपड़ा साफ

आरा: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को दावा किया कि पांच चरण के मतदान की समाप्ति के बाद नरेंद्र मोदी 310 सीट प्राप्त कर चुके हैं, वहीं लालू-राहुल का सूपड़ा साफ हो गया है । शाह ने आज यहां वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में घमंडिया गठबंधन का खाता भी नहीं खुलेगा । अब तक हुए पांच चरण में मोदी जी 310 सीट प्राप्त कर चुके हैं, वहीं लालू-राहुल का सूपड़ा साफ हो चुका है।

उन्होंने आरा संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं से श्री आर.के. सिंह को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि आपको मोदी जी ने बना बनाया मंत्री चुनने के लिए भेजा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा,” हमने धारा 370 और नक्सलवाद समाप्त किया। तीसरी बार मोदी जी को पीएम बना दो, छत्तीसगढ़ में भी नक्सलवाद समाप्त कर देंगे।” उन्होंने कहा कि वोट की लालच में श्री लालू प्रसाद यादव ने जिस पार्टी माले को लड़ाया है, अगर जीत गई तो फिर से नक्सलवाद और गोलियां आएगी।”

उन्होंने रैली में आए लोगों से पूछा,”नक्सलवाद फैलाने वाले माले को जीतना चाहिए क्या । अपने खेत पर कब्जा चाहते हो, अपहरण की इंड्रस्ट्री चाहते हो, लूट खसोट चाहते हो, अगर आरा में माले आई तो मेरी बात मान लो पीछे-पीछे नक्सलवाद भी आ जाएगा।”
श्री शाह ने कहा,”यादव समाज मुगालते में है कि श्री लालू प्रसाद यादव, यादवों के हक में काम करेंगे। वे केवल परिवार के हक में काम करते हैं, समाज के हक में नहीं।

उन्हें केवल अपनी बेटी को एमपी और अपने बेटों को मंत्री बनाने की चिंता है। यहां तेल पिलावन रैली करने वाले जंगल राज चलाते थे। लालू यादव को पिछड़ों की चिंता होती तो कर्पूरी ठाकुर को सम्मान देते, लेकिन उन्होंने सम्मान नहीं दिया। नरेंद्र मोदी ने जननायक को भारतरत्न देकर अति पिछड़ा वर्ग को सम्मान दिया।”

Exit mobile version