Site icon Dainik Savera Times

Navratri: पीएम मोदी ने नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी को किया नमन, शेयर किया भजन

Narendra Modi

Narendra Modi

Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुक्रवार को मां कात्यायनी को नमन करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देवी स्तुति से जुड़े एक भजन का यूट्यूब लिंक साझा किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने इस पोस्ट में लिखा, “नवरात्रि की पवित्र षष्ठी पर मां कात्यायनी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन! मेरी कामना है कि उनकी अनुकंपा से हर किसी के जीवन में असीम शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।”

पीएम ने एक्स पोस्ट में आदि शंकराचार्य द्वारा रचित और माधवी मधुकर झा के गाए भजन ‘भवानी अष्टकम’ का यूट्यूब लिंक साझा किया। इस भजन में देवी महिमा का बखान किया गया है। मां से प्रार्थना की गई है कि हे देवी! तुम ही मेरी गति हो।

ये भी पढ़ें-  मिलावटी मसाले बेचने वालों की खैर नहीं, साफ-सफाई न रखने वालों के रद्द होंगे लाइसेंस

 

सुभाषित भी किया साझा
इससे पहले देवी की स्तुति करते हुए प्रधानमंत्री की ओर से सुभाषित भी साझा किया गया। प्रधानमंत्री की ओर से संस्कृत श्लोक, “तव च का किल न स्तुतिरम्बिके! सकलशब्दमयी किल ते तनुः। निखिलमूर्तिषु मे भवदन्वयो मनसिजासु बहिःप्रसरासु च॥” शेयर किया गया।

जिसका भावार्थ है कि हे जगदम्बिके! संसार में भला ऐसा कौन-सा शब्द है, जो आपकी स्तुति नहीं है? क्योंकि आपका स्वरूप तो समस्त शब्दों से बना है। हे देवी! मेरे मन में उठने वाले सभी विचारों और बाहर दिखाई देने वाली समस्त आकृतियों एवं मूर्तियों में मुझे आपका ही स्वरूप दिखाई देता है।

नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा
नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जा रही है। मां कात्यायनी देवी दुर्गा का छठा रूप हैं। मां की चार भुजाएं हैं। उनके एक हाथ में तलवार और दूसरे हाथ में कमल पुष्प है। उनके अन्य दोनों हाथ वरदा मुद्रा (वरदान देने वाली) और अभय मुद्रा (भय दूर करने वाली) में हैं। उनका वाहन सिंह (शेर) है।

Exit mobile version