Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM मोदी आज बिहार और ओडिशा दौरे पर… कई परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ, जानें पूरा शेड्यूल

June 20, 2025

PM मोदी आज बिहार और ओडिशा दौरे पर… कई परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ, जानें पूरा शेड्यूल

Narendra Modi today schedule : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई महत्त्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह दौरा न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूती देगा, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और शहरी विकास को भी नई दिशा देगा।

बिहार में सीवान से शुरुआत

प्रधानमंत्री सुबह दिल्ली से रवाना होकर सबसे पहले उत्तर प्रदेश के कुशीनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बिहार के सीवान जिले के जसौली हेलीपैड पर लगभग 11:50 बजे पहुंचेंगे। इसके तुरंत बाद, दोपहर 12 बजे वे पचरुखी बाईपास (एनएच-531) स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे।

यहां प्रधानमंत्री लगभग 10,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली नई वैशाली-देवरिया रेल लाइन परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इसी रूट पर एक नई ट्रेन सेवा की भी शुरुआत की जाएगी।

इसके अलावा, उत्तर बिहार को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को मुजफ्फरपुर और बेतिया होते हुए रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी योजनाओं को साझा किया जाएगा।

ओडिशा में शाम को विकास की नई रफ्तार

सीवान से कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 1:25 बजे हेलीकॉप्टर से वापस जसौली हेलीपैड जाएंगे और वहां से भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे। वे शाम 4:15 बजे भुवनेश्वर में ओडिशा सरकार के एक साल पूरे होने पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होंगे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री 18,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें स्वच्छ ऊर्जा, शहरी परिवहन और रेल संपर्क जैसी महत्त्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।  ओडिशा के बौद्ध जिले में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए, प्रधानमंत्री पहली बार क्षेत्र की नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही, राजधानी क्षेत्र शहरी परिवहन (CRUT) के तहत 100 इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत कर स्वच्छ और टिकाऊ शहरी परिवहन को प्रोत्साहित करेंगे।

नए भारत के निर्माण की दिशा में कदम

प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास की गाथा को नई धार देने वाला है। बिहार और ओडिशा की धरती से एक साथ बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और हरित ऊर्जा को लेकर जो पहल हो रही है, वह “विकसित भारत” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक और ठोस कदम है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें