Site icon Dainik Savera Times

नासिक: सड़क किनारे बने गहरे कुएं में गिरी कार, एक ही झटके में खत्म हो गया पूरा परिवार

andhra pradesh road accident

andhra pradesh road accident

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के नासिक जिले में शुक्रवार रात एक बेहद दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में 6 छोटे बच्चे भी शामिल हैं। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना रात करीब 10 बजे डिंडोरी कस्बे के शिवाजी नगर क्षेत्र में हुई। दरगुड़े परिवार के सभी सदस्य किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने एक गहरे कुएं में गिर गई।

राहत और बचाव कार्य

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य के लिए क्रेन और तैराकों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद आधी रात के आसपास कार को कुएं से बाहर निकाला गया। कार में फंसे सभी लोगों को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान

पुलिस के अनुसार, सभी मृतक नासिक के डिंडोरी तालुका के इंदोरे गांव के रहने वाले दरगुड़े परिवार के सदस्य थे। मृतकों में सुनील दत्तू दरगुड़े (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुड़े (32) और परिवार के 6 बच्चे शामिल हैं। बच्चों में 5 लड़कियां (जिनकी उम्र 7 से 14 साल के बीच थी) और एक 11 साल का लड़का शामिल है।

जांच जारी

सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए डिंडोरी के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई। शुरुआती तौर पर हादसे को दुर्घटना माना जा रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।

Exit mobile version