स्पोर्ट्स डेस्क: खेल जगत से एक बेहद शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज पर 17 साल की एक राष्ट्रीय स्तर की महिला निशानेबाज के साथ यौन शोषण करने का आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कोच के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने भी कड़ा कदम उठाया है और जांच पूरी होने तक आरोपी कोच को सस्पेंड कर दिया है।
कैसे सामने आया मामला
जानकारी के मुताबिक, यह मामला 6 जनवरी 2025 (मंगलवार) का है। पीड़ित 17 वर्षीय महिला शूटर के परिवार ने नेशनल शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। FIR में बताया गया है कि घटना नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही एक नेशनल लेवल शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान हुई। आरोप है कि कोच ने खिलाड़ी को खेल से जुड़ी बातचीत के बहाने फरीदाबाद के एक होटल में बुलाया था। शिकायत के अनुसार, पहले कोच ने होटल की लॉबी में मिलने को कहा, लेकिन बाद में दबाव बनाकर उसे अपने कमरे में बुला लिया। वहीं उसके साथ कथित तौर पर गलत हरकत की गई।
ये भी पढ़ें: नहीं रहे मशहूर इकोलॉजिस्ट माधव गाडगिल, 83 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
करियर खत्म करने की धमकी का भी आरोप
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद कोच ने उसे धमकाया और कहा कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसका खेल करियर बर्बाद कर दिया जाएगा और परिवार को भी नुकसान पहुंचाया जाएगा। बताया जा रहा है कि घटना के बाद खिलाड़ी सदमे में होटल से बाहर निकल गई और बाद में उसने अपने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क कर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई।
NRAI ने किया सस्पेंड
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए NRAI के सचिव पवन कुमार सिंह ने कहा है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक अंकुश भारद्वाज को सस्पेंड रखा जाएगा और उन्हें किसी भी तरह की कोचिंग जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: Stock Market Update: शेयर बाजार में आज गिरावट जारी, Sensex-Nifty के गिरे आंकड़े
पुलिस की कार्रवाई जारी
फरीदाबाद के NIT महिला थाना में कोच के खिलाफ POCSO एक्ट की धारा 6 भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरीदाबाद पुलिस के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर यशपाल यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए होटल प्रशासन से घटना वाले दिन के सभी CCTV फुटेज तुरंत मांगे गए हैं, ताकि आरोपों की सच्चाई की जांच की जा सके। फिलहाल पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

