Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर प्रदेश और बिहार में कुदरत का कहर, 16 लोगों की हुई मौत

June 12, 2026

उत्तर प्रदेश और बिहार में कुदरत का कहर, 16 लोगों की हुई मौत

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत के कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में खराब मौसम के कारण कुल 16 लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए दिल्ली समेत 16 राज्यों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और झारखंड सहित कई राज्यों में तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश और ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में वज्रपात और तेज आंधी बनी आफत

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के कारण दुखद घटनाएं सामने आई हैं। देवरिया जिले में एक बुजुर्ग महिला की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं उरई के कोटरा क्षेत्र में खेत में मवेशी चरा रहे 32 वर्षीय गोविंद पर बिजली गिरने से उनकी जान चली गई।अलीगढ़ में तेज आंधी के दौरान एक सीमेंट फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड पर बैरियर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बरेली में तेज हवा के कारण एक सोलर पैनल गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आए व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

बिहार में सबसे ज्यादा नुकसान

बिहार में आकाशीय बिजली का सबसे अधिक असर देखने को मिला। राज्य में वज्रपात से कुल 12 लोगों की मौत हुई है। खगड़िया जिले में पांच लोगों ने जान गंवाई, जबकि मधेपुरा में खेत में काम कर रहे एक दंपती की मौत हो गई। इसके अलावा भागलपुर, सहरसा, भोजपुर और जमुई जिलों में भी एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। खगड़िया के सरस्वती नगर गांव में खेत में काम कर रहे एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई।

मधेपुरा के परेल गांव में शंभू मंडल और उनकी पत्नी कविता देवी खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। भोजपुर जिले के कौंरा गांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक टिन शेड उड़कर महिला अंगूरा देवी के ऊपर गिर गया, जिससे उनकी जान चली गई। इन घटनाओं में करीब 10 लोग घायल और झुलस गए हैं। घायलों में एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।

पहाड़ी राज्यों में बारिश, ओले और हिमपात

पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी देखने को मिला। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है। उत्तराखंड में कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा दर्रों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया। हालांकि ऊना जिले में गर्मी का असर बना रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक है।

जम्मू-कश्मीर और पंजाब में भी बदला मौसम

जम्मू-कश्मीर में दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलीं, बारिश हुई और ओले भी गिरे। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। पंजाब के जालंधर, कपूरथला, अमृतसर और आसपास के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। अमृतसर के पास रेलवे ट्रैक पर एक पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। रेलवे कर्मचारियों ने पेड़ हटाकर स्थिति को सामान्य किया, जिसके बाद ट्रेनों का संचालन फिर शुरू कर दिया गया।

अगले 24 घंटे रह सकते हैं चुनौतीपूर्ण

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें