Site icon Dainik Savera Times

मोस्ट वांटेड एरिया कमांडर समेत 5 नक्सली गिरफ्तार, अमेरिकी राइफल और अन्य हथियार बरामद

Naxalites commander arrested

Naxalites commander arrested

Naxalites commander arrested : झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति) के मोस्ट वांटेड एरिया कमांडर प्रशांत उर्फ ​​अवधेश सिंह समेत पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अमेरिका में बनी एआर 15एम-4 अमेरिकन राइफल समेत कई हथियार बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार इन नक्सलियों ने हाल ही में केरेडारी थाना क्षेत्र में एक खनन कंपनी परिसर पर हमला कर कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। इनके खिलाफ जिले के कई थाना क्षेत्रों में हत्या, गोलीबारी, रंगदारी, अपहरण और फिरौती वसूली के मामले भी दर्ज हैं।

हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सदर एसडीपीओ को 12 जून की रात सूचना मिली थी कि टीएसपीसी के 7-8 उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही कार्रवाई के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से सशस्त्र बलों के साथ केरेडारी के तरहेसा जंगल स्थित घाटगोसाई में छापेमारी की।

इस दौरान अवधेश कुमार उर्फ ​​प्रशांत के अलावा आदित्य गंझू, देवेन गंझू, धरम गंझू और रूपलाल गंझू को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक अमेरिकी राइफल के अलावा एक पिस्तौल (7.62 एमएम), तीन देशी चाकू, 28 जिंदा कारतूस, नौ मोबाइल, टीएसपीसी के दस पर्चे, एक पिट्ठू बैग और एक मैगजीन पाउच बरामद किया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन उग्रवादियों को विदेशी हथियार किसने मुहैया कराया। जरूरत पड़ने पर गिरफ्तार नक्सली नेता को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जा सकता है।

एसपी ने बताया कि एक जून को केरेडारी थाना क्षेत्र में बीजीआर माइनिंग कंपनी के दो वाहनों में आग लगाने में गिरफ्तार नक्सलियों की संलिप्तता सामने आई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने बड़कागांव अनुमंडल क्षेत्र में संभावित बड़ी नक्सली घटना को समय रहते विफल कर दिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version