NCC Battalion annual training camp started : महेंद्रगढ़। राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से 16 हरियाणा एनसीसी बटालियन, नारनौल का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शनिवार को आरपीएस डिग्री कॉलेज, बालाना (महेंद्रगढ़) में शुरू हो गया।
381 एनसीसी कैडेटों का 10 दिवसीय शिविर शुरू
10 दिवसीय शिविर में महेंद्रगढ़, नारनौल और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 381 सीनियर एवं जूनियर डिवीजन/विंग के कैडेट भाग ले रहे हैं। शिविर का शुभारंभ कैम्प कमांडेंट कर्नल संदीप कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल वर्दी पहनने का अवसर नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेटों से प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र में पूरे उत्साह, समर्पण और गंभीरता के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
विभिन्न विषयों का मिलेगा प्रशिक्षण
शिविर के पहले दिन कैडेटों का पंजीकरण, दस्तावेजों का सत्यापन तथा विभिन्न कंपनियों में आवंटन किया गया। इसके बाद उन्हें शिविर के नियमों, सुरक्षा मानकों और दैनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। परिसर में अनुशासन, समयपालन और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, वेपन ट्रेनिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, फायरिंग, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, योग, शारीरिक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और साइबर जागरूकता सहित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक संध्या, समूह चर्चा तथा सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बेहतरीन कैडेटों को मिलेगा राज्य व राष्ट्रीय मंच
बटालियन अधिकारियों ने बताया कि शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों का चयन थल सैनिक कैंप सहित ग्रुप एवं राज्य स्तरीय एनसीसी गतिविधियों के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास कर उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाना है।
Also Read

