Site icon Dainik Savera Times

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद NDA की पहली बैठक, PM मोदी को मिला सांसदों का सम्मान

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के बीच आज एनडीए संसदीय दल की बैठक संसद भवन में शुरू हो गई है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की अभूतपूर्व सफलता के लिए पीएम मोदी को एनडीए सांसदों ने माला पहनाकर और तालियों की गड़गड़ाहट से अभिनंदित किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वयं उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी घटक दलों के सांसद शामिल हुए।

कई प्रमुख नेता बैठक में हुए शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और एनडीए के सभी सांसद संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ बना राष्ट्रवाद की नई पहचान

हाल ही में संपन्न ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए सांसदों ने इसे एक निर्णायक और साहसी कदम बताया। यह ऑपरेशन, जिसने पहलगाम हमले के बाद आतंकवादियों पर सटीक जवाबी कार्रवाई की, अब NDA की राष्ट्रवादी छवि का हिस्सा बन गया है।

विपक्ष पर हमलावर रणनीति की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आने वाले दिनों में विपक्ष की रणनीतियों का करारा जवाब देने की बात कही। साथ ही उन्होंने ‘तिरंगा यात्रा’ के माध्यम से जनजागरण अभियान को और अधिक गति देने का आह्वान किया।

उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी जोरों पर

एनडीए की इस बैठक का एक और प्रमुख एजेंडा था आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव। 7 अगस्त से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है और एनडीए को 21 अगस्त तक अपने उम्मीदवार की घोषणा करनी है। 782 सांसदों वाले निर्वाचक मंडल के समक्ष एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व में NDA अपनी एकजुटता और रणनीतिक बढ़त का प्रदर्शन करने को तैयार है।

Exit mobile version