Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘बंगाल में जंगल राज खत्म करना जरूरी’, PM मोदी का TMC पर जोरदार हमला

January 18, 2026

‘बंगाल में जंगल राज खत्म करना जरूरी’, PM मोदी का TMC पर जोरदार हमला

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के सिंगूर में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में “जंगल राज” जैसी स्थिति बन गई है और इसे खत्म करने के लिए लोगों को BJP के साथ आना होगा।

TMC के शासन में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में- PM मोदी 

PM मोदी ने दावा किया कि TMC के शासन में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और शिक्षा व्यवस्था पर माफिया व भ्रष्ट लोगों का कब्जा हो गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि BJP को दिया गया एक वोट कॉलेजों में हिंसा और अपराध रोकने में मदद करेगा और संदेशखाली जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC सरकार के कारण हजारों शिक्षकों की नौकरियां गईं और युवाओं को अच्छी शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। PM मोदी ने कहा कि देशभर में PM SHRI जैसे आधुनिक स्कूल बनाए जा रहे हैं, लेकिन बंगाल में बच्चों को इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा।

“डबल इंजन सरकार” की अहमियत समझाई

प्रधानमंत्री ने “डबल इंजन सरकार” की अहमियत समझाते हुए कहा कि जहां केंद्र और राज्य दोनों में BJP की सरकार है, वहां तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने त्रिपुरा का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले वहां बहुत कम घरों में नल से पानी आता था, लेकिन BJP सरकार के बाद ज्यादातर घरों तक पानी पहुंचा है।

आयुष्मान भारत योजना का किया जिक्र

आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए PM मोदी ने कहा कि कुछ राज्य सरकारें गरीबों के मुफ्त इलाज की इस योजना को लागू नहीं होने देतीं, लेकिन जागरूक मतदाता अब ऐसी सरकारों को जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग भी चाहते हैं कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ यहां के गरीबों तक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने मछुआरों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं की भी बात की और आरोप लगाया कि TMC सहयोग नहीं कर रही है, जिससे मछुआरों को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा।

इसके अलावा PM मोदी ने बंगाली भाषा और संस्कृति की तारीफ की और कहा कि BJP सरकार के आने के बाद ही बंगाली को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिला और दुर्गा पूजा को UNESCO ने वैश्विक सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता दी।

830 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन

रैली से पहले प्रधानमंत्री ने सिंगूर में करीब 830 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम और नई रेल लाइन परियोजनाएं शामिल हैं। अपने भाषण के अंत में PM मोदी ने कहा कि जैसे बिहार में जंगल राज खत्म हुआ, वैसे ही अब पश्चिम बंगाल के लोग भी TMC के “मेगा जंगल राज” को खत्म करने के लिए तैयार हैं और असली बदलाव चाहते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें