ओडिशा पुलिस में बनाई जाएगी नई साइबर अपराध शाखा : CM Mohan Charan Majhi
December 17, 2024
New Cyber Crime Branch : ओडिशा के
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा है कि नए दौर की चुनौतियों से निपटने के लिए उनकी सरकार ने पुलिस में एक
नई साइबर अपराध शाखा स्थापित करने की योजना बनाई है। सोमवार को यहां 69वीं ‘पुलिस ड्यूटी मीट’ के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी, ‘डिजिटल अरेस्ट’ और निवेश से संबंधित धोखाधड़ी के मामले रोजाना बढ़ रहे हैं।
सीएम माझी ने कहा, कि ‘इसके मद्देनजर, हमारी सरकार पुलिस विभाग के साइबर प्रकोष्ठ को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए कटिबद्ध है। इसके लिए सभी जिलों में साइबर थाने स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। साइबर अपराधों की उच्च स्तरीय जांच और निगरानी के लिए राज्य में एक साइबर अपराध शाखा भी बनाई जाएगी, जिसका प्रभारी एक वरिष्ठ अधिकारी होगा।’’ उन्होंने महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में कम दोषसिद्धि पर भी चिंता व्यक्त की हैं।
सीएम माझी ने कहा, कि ‘दोषसिद्धि की कम दर का मुख्य कारण पेशेवर जांच की कमी और अतीत में राजनीतिक इच्छाशक्ति की भारी कमी है।’’ उन्होंने कहा कि राज्य की दोषसिद्ध दर को कम से कम राष्ट्रीय औसत तक ले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार अधिक महिला न्यायालय स्थापित कर रही है और चार जिलों में महिला न्यायालय स्थापित करने के लिए नीतिगत निर्णय लिया गया है।