Site icon Dainik Savera Times

यूपी में अब 75 नहीं, 76 जिले, सरकार ने बनाया नया जिला

New District in UP : उत्तर प्रदेश में अब 75 नहीं, बल्कि 76 जिले होंगे। इस संबंध में प्रयागराज जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की तरफ से यह अधिसूचना जारी की गई।

नए जिले का नाम महाकुंभ मेला होगा। प्रदेश में कुंभ और अर्ध कुंभ के मौके पर नए जिले के संबंध में अधिसूचना जारी करने की परंपरा रही है।

महाकुंभ मेला जिले में पूरा परेड क्षेत्र और चार तहसीलों सदर, सोरांव, फूलपुर और करछना के 67 गांव शामिल हैं। महाकुंभ मेला जिले के जिलाधिकारी विजय किरन आनंद होंगे। वहीं राजेश द्विवेदी को एसएसपी बनाया गया है।

अधिसूचना में जिलाधिकारी को उनके कार्यों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया है। यह कदम महाकुंभ के सुचारू संचालन के लिए उठाया गया है, ताकि महाकुंभ के संबंध में की जा रही किसी भी तैयारी में कोई बाधा ना आए।

प्रयागराज के चार तहसीलों को अलग करके एक नया जिला बनाया गया है, जो महाकुंभ तक अस्तित्व में रहेगा।

अधिसूचना में कहा गया है कि तहसील सदर के 25 गांव, तहसील सोरांव के तीन गांव, तहसील फूलपुर के 20 गांव और करछना तहसील के 19 गांव शामिल किए गए हैं।

बता दें कि 13 जनवरी से लेकर 26 फरवरी तक कुंभ मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस महाकुंभ मेले में कुल छह शाही स्नान होंगे। मेले को लेकर सभी तैयारियां जोरों शोरों से जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद सभी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जनवरी को प्रयागराज जाएंगे। प्रधानमंत्री के प्रयागराज दौरे को लेकर सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है।

इस दौरान प्रधानमंत्री गंगा पूजन से महाकुंभ के आयोजन का शुभारंभ करेंगे। महाकुंभ का पहला शाही स्नान 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन होगा।

उल्लेखनीय है कि 12 साल में एक बार महाकुंभ मेले का आयोजन किया जाता है।

Exit mobile version