Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर को मिला नए साल का तोहफा, स्थापित होगा नया रेलवे डिवीजन

January 3, 2025

जम्मू-कश्मीर को मिला नए साल का तोहफा, स्थापित होगा नया रेलवे डिवीजन

New Railway Division : दिल्ली से कश्मीर के लिए सीधी ट्रेन सेवा का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है, साथ ही भारत सरकार जम्मू में एक नया रेलवे डिवीजन स्थापित करने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जनवरी को वर्चुअली डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। यह कदम जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, और पंजाब के पठानकोट क्षेत्र को फिरोजपुर डिवीजन पर निर्भरता समाप्त करेगा और इन क्षेत्रों में रेलवे संचालन को और अधिक प्रभावी बनाएगा।

PM Modi करेंगे वर्चुअल उद्घाटन!
अतिरिक्त मंडल रेलवे प्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने कहा, ‘रेलवे बोर्ड ने जम्मू में एक नया रेलवे डिवीजन स्थापित करने के लिए एक अधिसूचना जारी की है। इस नए रेलवे डिवीजन के लिए एक अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे फिर रेलवे बोर्ड में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद, इसके क्षेत्रधिकार के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 6 जनवरी को जम्मू रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वर्चुअल उद्घाटन प्रस्तावित है।

फिरोजपुर डिवीजन से होता था संचालन-
उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा यह निर्णय बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि जम्मू में नया रेलवे डिवीजन स्थापित होने से लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। पठानकोट से श्रीनगर बारामुला तक रेलवे लाइन, भोगपुर सिरवाल से पठानकोट और बटाला पठानकोट और पठानकोट जोगिंदर नगर नैरोगेज लाइन जैसे प्रमुख मार्गों के संचालन और प्रबंधन का कार्य जम्मू से ही होगा। पहले यह कार्य फिरोजपुर डिवीजन से किया जाता था, लेकिन अब जम्मू से ही सभी कार्यों का प्रबंधन होगा, यह जम्मू वासियों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि होगी। यह पुरानी मांग थी, जो 2025 में पूरी हो रही है। परिचालन संबंधी सभी निर्णय नए जम्मू डिवीजन से किए जाएंगे, और कर्मचारियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा-
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कहा कि सबसे पहले तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने चैंबर की लंबित मांग को पूरा किया। साल 2012 में हमने इस मामले पर अधिकारियों के साथ पहली बार चर्चा की थी और तब से हम लगातार इस दिशा में काम कर रहे थे। हम केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का भी धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने हमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करवाई। उनके साथ हमारी चर्चा के बाद हमें जम्मू रेलवे डिवीजन प्राप्त करने में सफलता मिली। जम्मू रेलवे डिवीजन की स्थापना से पर्यटन को एक बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

लोगों को मिलेगा रोजगार-
उन्होंने कहा कि हम समझते हैं कि जम्मू को रेलवे डिवीजन का दर्ज मिलने के बाद यहां के इंफ्रास्ट्रर का विकास होगा, लोगों को रोजगार मिलेगा, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जम्मू से अखनूर और पुंछ तक रेल सेवा का विस्तार होगा। हमारी सोच यह है कि जम्मू से कटरा तक एक मोनोरेल सेवा शुरू हो, ताकि कटरा के लोग जम्मू आकर यहां के सरकारी प्रोजेक्ट्स का दौरा कर सकें और दर्शन के लिए भी आसानी से पहुंच सकें। रेलवे डिवीजन के तहत होने वाले विकास कार्यों से हमारी पूरी योजना को एक नई दिशा मिलेगी। एक बार फिर से हम जम्मू वासियों को बधाई देना चाहते हैं और प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने इस ऐतिहासिक कदम के लिए मंजूरी दी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें