Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

चारधाम यात्रा के लिए एनएचएम की विशेष व्यवस्था, 102 स्वास्थ्य मित्र तैनात

April 20, 2025

चारधाम यात्रा के लिए एनएचएम की विशेष व्यवस्था, 102 स्वास्थ्य मित्र तैनात

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में 30 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर तमाम तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यात्रा को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्र को और अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए इस बार एनएचएम की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। एनएचएम की मिशन निदेशक स्वाति सिंह भदौरिया ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की देखरेख के लिए इस बार कुल 102 स्वास्थ्य मित्रों की तैनाती की जा रही है। ये स्वास्थ्य मित्र चारों धामों, यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ में सक्रिय रहेंगे और तीर्थयात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा से लेकर आवश्यक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने आगे बताया कि एनएचएम इस बार 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित कर रहा है। इन पोस्टों पर स्वास्थ्य मित्रों के साथ-साथ फार्मासिस्ट और प्रशिक्षित मेडिकल अधिकारी मौजूद रहेंगे जो नियमित रूप से श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच करेंगे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार प्रदान करेंगे। चारधाम यात्रा के लिए हमारे मेडिकल अधिकारियों की ट्रेनिंग चल रही है।

बता दें कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसे लेकर प्रशासन अलर्ट है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद नियमित तौर पर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 12 अप्रैल को कहा था कि चारधाम यात्र को सुगम, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुलभ बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। इसे और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सीएम धामी ने की उच्चस्तरीय बैठक
सीएम धामी ने देहरादून में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘हमारा लक्ष्य है कि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बिना किसी परेशानी के चारधाम के दर्शन कराए जाएं। इसके लिए यात्रा से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है।‘

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें