पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सीतामढ़ी जिले के रीगा चीनी मिल को एक बार फिर से शुरू करने की गुहार पर अधिकारियों को इस दिशा में उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कुमार से सोमवार को यहां 4, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम में सीतामढ़ी जिले से आए रंजीत कुमार मिश्रा ने गुहार लगाते हुए कहा कि रीगा चीनी मिल पुन: चालू किया जाए। इससे पांच हजार किसानों और मजदूरों को काफी लाभ होगा। क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। इस पर मुख्यमंत्री ने गन्ना (उद्योग) विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री से गोपालगंज जिला से आये गुड्डू प्रसाद ने शिकायत करते हुए कहा कि सासामुसा शुगर मिल ने किसानों का वर्ष 2017-18 से वर्ष 20202-21 तक खरीदे गये गन्ने के मूल्य का भुगतान नहीं किया है। बक्सर जिले से आई मंजू देवी ने आग्रह करते हुए कहा कि डुमरांव प्रखंड के नुआंव पंचायत में बक्सर-पटना फोरलेन सड़क बनाई जा रही है। इस सड़क में अंडरपास का निर्माण किया गया है लेकिन सर्विस रोड एवं नाला का निर्माण नहीं किया गया है।

