Site icon Dainik Savera Times

सरकार नीतीश कुमार की, हमलोग हैं डोली ढोने वाले: राजद विधायक

बक्सर: राजद के विधायक और बिहार के पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने यहां बुधवार को कहा कि ’सरकार नीतीश कुमार की है, हमलोग सिर्फ डोली (पालकी) ढोने वाले हैं।’ चौसा में जमीन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर धरना पर बैठे किसानों के समर्थन में पहुंचे सिंह से जब पत्रकारों ने कहा कि आपकी सरकार है, आप मुआवजा दिलवा दें, तब सिंह ने कहा, ’यहां नीतीश कुमार की सरकार है, हमलोग पालकी (डोली) ढोने वाले हैं।18 साल से एक ही दूल्हा राज कर रहा है। समय-समय पर डोली ढोने वाले लोग बदल जा रहे।’

उन्होंने आगे कहा, ’मैं भी मंत्रिपरिषद में शामिल होकर 45 दिनों तक दूल्हे की डोली ढोया था। लेकिन, जब लगा कि हम डोली नहीं ढो पाएंगे तो हमने उससे मुक्ति पा ली।’ सिंह ने कहा कि किसानों की मांग जायज है। जातीय गणना से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह जरूरी था। अब उसकी रिपोर्ट भी जारी हो गई है। अब इस पर जनसंख्या को लेकर कम और अधिक बताना गलत है। उन्होंने कहा कि यह जिस उद्देश्य के लिए करवाया गया है, अब उस पर काम होना चाहिए।

Exit mobile version