नेशनल डेस्क: नसरपुर (महाराष्ट्र) में 4 साल की बच्ची के साथ कथित रेप और हत्या के मामले ने पूरे इलाके को हिला दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़िता के पिता ने एक भावुक अपील की है। उन्होंने कहा है कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता और आरोपी को मौत की सजा नहीं दी जाती, तब तक कोई भी नेता उनके घर शोक जताने न आए।
नेताओं से तभी मिलेंगे जब न्याय मिलेगा, पिता ने जारी किया वीडियो
पिता ने एक वीडियो जारी कर यह बात कही। उस समय वे परिवार के साथ देहू में बेटी की अस्थियों के विसर्जन के लिए गए हुए थे। वीडियो में उन्होंने कहा कि कई नेता उनके घर आ रहे हैं, लेकिन फिलहाल परिवार किसी से मिलना नहीं चाहता। उनका कहना है कि वे तभी लोगों से मिलेंगे, जब केस में न्याय मिल जाएगा।
मामले में 65 साल के व्यक्ति गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 65 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो उसी इलाके का रहने वाला है। आरोप है कि उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाया और उसके साथ गलत काम करने के बाद उसकी हत्या कर दी।
आरोपी के खिलाफ पहले भी ऐसे ही गंभीर मामले दर्ज
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी ऐसे ही गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें 2015 का POCSO केस भी शामिल है। बच्ची के लापता होने के बाद परिवार ने खोजबीन शुरू की थी, जिसमें CCTV फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने एक घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
संजय राउत ने सरकार की आलोचना की
इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। संजय राउत ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का डर नहीं रहा है और सरकार अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रही है।
फडणवीस का विपक्ष पर पलटवार
वहीं, देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने कार्यकाल की कमियों को नजरअंदाज कर रहा है और बेवजह सरकार पर आरोप लगा रहा है। यह घटना पूरे राज्य में गुस्से और दुख का कारण बनी हुई है। लोग पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त सजा की मांग उठ रही है।

