No Rain Relief for Delhi : नई दिल्ली। दीपावली के बाद से प्रदूषण की मार झेल रही दिल्ली को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 12 और 13 नवंबर को बादल छाने के बावजूद बारिश की संभावना से इनकार किया है। ऐसे में जहरीली हवा और धीमी हवाओं के चलते राजधानी में प्रदूषण का संकट बरकरार रह सकता है।
बादल छाएंगे, लेकिन नहीं बरसेंगे
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में मध्यम और ऊंचाई वाले बादल छाए रहेंगे, लेकिन ये बारिश के अनुकूल नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा बादलों से कृत्रिम वर्षा (क्लाउड सीडिंग) कराने पर भी अपेक्षित परिणाम मिलने की संभावना कम है। डॉ. महापात्र ने बताया कि मौजूदा मौसम में मुख्य रूप से मध्यम और ऊंचाई वाले बादल बनने की संभावना है। ये बादल कृत्रिम वर्षा के लिए अनुकूल नहीं हैं। उन्होंने कहा, ”बादल मुख्य रूप से मध्यम और ऊंचाई वाले होंगे। ये संवहनीय (कन्वेक्टिव) बादल नहीं हैं। इसलिए कृत्रिम वर्षा से मिलने वाला परिणाम कम रहेगा।” दरअसल, कृत्रिम वर्षा कराने के लिए केवल बादलों का मौजूद होना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए बादलों की संरचना, उनमें नमी की मात्रा और वायुमंडलीय परिस्थितियों का अनुकूल होना भी जरूरी है।
संवहनीय बादलों में ऊर्ध्वाधर गति और नमी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। मौजूदा परिस्थितियों में ऐसे बादल बनने की संभावना कम है। ऐसे में क्लाउड सीडिंग का प्रयोग किया भी जाता है तो उससे अपेक्षित मात्रा में वर्षा होने की उम्मीद कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों में छिटपुट वर्षा की संभावना भी है, लेकिन दिल्ली समेत उत्तर भारत के प्रदूषण प्रभावित मैदानी इलाकों में अच्छी वर्षा के आसार नहीं हैं। महापात्र के अनुसार, दिल्ली में 12 और 13 नवंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी बढ़ेगी, लेकिन इतनी वर्षा नहीं होगी कि हवा में जमा प्रदूषकों को साफ किया जा सके। उन्होंने आगाह किया कि वर्षा के बिना बादलों और नमी की मौजूदगी कई बार प्रदूषण की स्थिति को और प्रतिकूल बना सकती है। मौसम विभाग की नजर बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे एक अन्य मौसमी तंत्र पर भी है। विभाग के अनुसार, 15 या 16 नवंबर के आसपास वहां गहरा अवदाब बनने की संभावना है, जो आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप भी ले सकता है। हालांकि, अभी इसके रास्ते को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसके आंध्र प्रदेश या बांग्लादेश की ओर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल उत्तर भारत में हवाएं शांत या बहुत धीमी रहने का अनुमान है। इससे प्रदूषकों के बिखरने की संभावना कम रहेगी। मौसम विभाग के महानिदेशक ने भी कहा कि मौजूदा हवाएं प्रदूषकों को फैलाने में मददगार नहीं होंगी। ऐसे में दिल्ली को वर्षा और तेज हवाओं, दोनों तरह की मौसमी राहत का इंतजार करना पड़ सकता है।

