Site icon Dainik Savera Times

Noida: संदिग्ध अवस्था में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया

नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी थाना क्षेत्र के कटहेरा गांव में ब्याही एक महिला की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए दादरी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दादरी थाने के प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि कटेहरा गांव में रहने वाले सुमित की वर्ष 2020 में तनु से शादी हुई थी। सोमवार रात तनु के ससुराल वालों ने उसे गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उपाध्याय के मुताबिक, मृतका के पिता राजू लोहिया ने मंगलवार सुबह दादरी थाने में बेटी के पति सुमित, ससुर कृष्ण भाटी, सास बीना, देवर विनीत, ननद काजल और चचिया ससुर सतपाल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया। उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी पक्ष शादी के समय से ही दहेज की मांग कर रहा था और मांग पूरी न होने पर उसने तनु की हत्या कर दी।

Exit mobile version