नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जिनके खिलाफ पूर्व में लूटपाट, गैंगस्टर एक्ट, सशस्त्र अधिनियम आदि अपराध के मामले दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी फहीम (21), मेरठ निवासी इस्माइल (45) तथा वाहिद (38) और हापुड़ निवासी समीर (22) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से समीर घायल हो गया जिसके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बिसरख थाने की पुलिस रोजा गोल चक्कर के पास आज सुबह वाहनों की जांच कर रही थी तभी एक कार में सवार होकर कुछ लोग आते दिखे जिन्हें रुकने का इशारा किया गया लेकिन वह भागने लगे।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जब उनका पीछा किया गया तो आरोपियों ने पुलिस दल पर गोली चला दी जिसके जवाब में पुलिस दल द्वारा चलाई गई गोली समीर के पैर में जा लगी। उन्होंने बताया कि अंत में बदमाशों को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया, ‘‘पूछताछ में बदमाशों ने आठ फरवरी की रात एक व्यक्ति से कार में लिफ्ट लेकर उससे नकदी, एटीएम कार्ड और वाहन लूटने की बात कबूल की है।’’ अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ हापुड, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़ में हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट आदि के अभियोग दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि फहीम पर पांच, समीर पर नौ, इस्माइल पर छह और वाहिद पर एक मुकदमा दर्ज है।
ये भी पढ़ें: Punjab News: तरनतारन में किसान नेता की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार

