Site icon Dainik Savera Times

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय साइकोट्रोपिक दवाओं की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 19.70 लाख ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम की गोलियां व कैप्सूल (लगभग 470.686 किलोग्राम) तथा एक टाटा सफारी एसयूवी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, ज्योति नगर थाने में पहले दर्ज एक मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार पिता-पुत्र से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों का पता चला।

इसके बाद दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में लगातार छापेमारी कर नदीम, नवनीत, आशीष सिन्हा, शिव नारायण झा और अमन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि गिरोह नोएडा के एक गोदाम में बड़ी मात्रा में साइकोट्रोपिक दवाओं का भंडारण कर विभिन्न राज्यों में उनकी अवैध आपूर्ति करता था। पुलिस ने गोदाम और अन्य ठिकानों से अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की लाखों गोलियां एवं कैप्सूल बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी शिव नारायण झा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के एक मामले में घोषित अपराधी भी है। बरामद सभी दवाओं को एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। मामले में वित्तीय लेनदेन, दवाओं के स्रोत और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए जांच जारी है।

Exit mobile version