Site icon Dainik Savera Times

केवल पेड़ लगाना नहीं, उन्हें जीवित रखना भी हमारी जिम्मेदारी : विजेंद्र गुप्ता

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-14 स्थित चित्रगुप्त पार्क (डीडीए डिस्ट्रिक्ट पार्क) में मेगा वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि केवल पेड़ लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका जीवित रहना और विकसित होना सुनिश्चित करना हम सभी की वास्तविक जिम्मेदारी है। उन्होंने वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा संपूर्णा और भारतीयम ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस अभियान के तहत करीब 500 देशी जामुन के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में डीडीए अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरणविदों, स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि किसी भी वृक्षारोपण अभियान की सफलता लगाए गए पौधों की संख्या से नहीं, बल्कि उनके जीवित रहकर बड़े वृक्ष बनने से मापी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रोहिणी आज निरंतर जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के कारण दिल्ली के सबसे हरित क्षेत्रों में शामिल है। उन्होंने नागरिकों से अपने मोहल्लों और पार्कों में भी वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नीम और जामुन जैसे देशी वृक्ष स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए सबसे उपयुक्त हैं और इन्हें प्राथमिकता के साथ लगाया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का भी प्रतीक है। अपने हालिया लद्दाख दौरे का जिक्र करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वहां सीमित हरियाली देखकर उन्हें वृक्षों के महत्व का और अधिक एहसास हुआ। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे महानगर में हरित क्षेत्र का संरक्षण और विस्तार पर्यावरणीय संतुलन, स्वच्छ हवा और बेहतर जनस्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से वृक्षारोपण को आजीवन जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

Exit mobile version