Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

NSUI ने राहुल गांधी के खिलाफ पोस्ट करने पर ओडिया अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई 

October 19, 2024

NSUI ने राहुल गांधी के खिलाफ पोस्ट करने पर ओडिया अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई 
भुवनेश्वर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बारे में सोशल मीडिया पर विवादास्पद पोस्ट करने के आरोप में ओडिया अभिनेता बुद्धादित्य मोहंती के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एनएसयूआई की राज्य इकाई के अध्यक्ष उदित प्रधान ने शुक्रवार को ‘कैपिटल’ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें विवादित पोस्ट साझा करने के लिए मोहंती के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
इस पोस्ट को अब हटा दिया गया है। प्रधान ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पोस्ट में मोहंती ने कहा है कि राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का अगला निशाना कांग्रेस सांसद राहुल गांधी होने चाहिए। हम अपने नेता के खिलाफ ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं कर सकते।’’ उन्होंने शिकायत के साथ पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट का ‘स्क्रीनशॉट’ भी सौंपा। पुलिस ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है और वे इसकी जांच कर रहे हैं।
मोहंती ने अपनी विवादित पोस्ट के लिए माफी मांगते हुए शुक्रवार को ‘फेसबुक’ पर लिखा, ‘‘राहुल गांधीजी के बारे में मेरी पिछली पोस्ट का उद्देशय़ उन्हें निशाना बनाना, नुकसान पहुंचाना या किसी भी तरह से उनका अपमान करना नहीं था. न ही उनके खिलाफ कुछ लिखना था. अनजाने में अगर मैंने किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. तो मेरा यह इरादा नहीं था. मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं।’’ कांग्रेस से राकांपा में शामिल हुए सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को मुंबई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें